गुवाहाटी। भारोत्तोलकों, साइकलिस्टों, तैराकों और एथलीटों के चमकदार प्रदर्शन से मेजबान भारत ने 12वें दक्षिण एशियाई खेलों में अपने स्वर्ण बटोरो अभियान को तेजी से आगे बढ़ाते हुए मंगलवार को अपनी पदक संख्या 76 स्वर्ण, 36 रजत और 10 कांस्य सहित कुल 122 पहुंचा दी।
भारत ने इन खेलों में अपना पदक शतक चार दिनों में ही पूरा कर लिया और वे स्वर्ण जीतने के मामले में स्वर्णिम शतक पूरा करने के लिए तेजी से आगे बढ़ रहा है। श्रीलंका 17 स्वर्ण सहित 87 पदकों के साथ दूसरे और पाकिस्तान पांच स्वर्ण सहित 37 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर है। बांग्लादेश तीन स्वर्ण सहित 38 पदक जीतकर चौथे स्थान पर है।
मेजबान भारत ने भारोत्तोलन में कुल 11 स्वर्ण पदकों के साथ अपना अभियान समाप्त किया। भारत ने साइक्लिंग में कुल छह स्वर्ण पदक जीते और तरणताल में उसके तैराकों ने मंगलवार को सात स्वर्ण पदकों पर कब्जा कर लिया। भारतीय एथलीटों ने एथलेटिक्स की धमाकेदार शुरुआत करते हुए पांच स्वर्ण पदक जीत लिए। भारतीय महिला वालीबॉल टीम ने भी स्वर्ण पदक जीता।
एथलेटिक्स : खेलों के प्रमुख मुकाबले कहे जाने वाले एथलेटिक्स स्पर्धाओं में भारत और श्रीलंका ने दबदबा बनाया। भारत ने जहां पांच स्वर्ण जीते वहीं श्रीलंका ने चार स्वर्ण पर कब्जा किया। श्रीलंका ने पुरुषों और महिलाओं के वर्ग में 100 मीटर के दोनों स्वर्ण जीत लिए। भारत को पांच हजार मीटर दौड़ में मान सिंह और एल सूर्या ने स्वर्णिम सफलताएं दिलाईं।
महिलाओं की गोला फेंक स्पर्धा में मनप्रीत कौर सीनियर ने स्वर्ण और मनप्रीत कौर जूनियर ने रजत जीता। नीरज कुमार ने हैमर थ्रो का स्वर्ण अपने नाम किया, जबकि मयूखा जानी ने महिलाओं की लंबी कूद स्पर्धा का स्वर्ण जीत लिया। पुरुषों और महिलाओं की 5000 मीटर स्पर्धा में रजत भी भारत के हाथ लगे। महिलाओं की 100 मीटर स्पर्धा में श्रवणी नंदा और दूती चंद ने क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीते।
भारोत्तोलन : सुशीला ने भारोत्तोलन स्पर्धा के आखिरी दिन अपने 75 किग्रा से अधिक वजन वर्ग में कुल 198 किग्रा भार उठाकर स्वर्ण पर कब्जा जमाया। उन्होंने स्नैच में 88 किग्रा और क्लीन एंड जर्क में 110 किग्रा भार उठाया।
हालांकि पुरुषों के 105 किग्रा से अधिक भार वर्ग में भारत के गुरदीप स्वर्ण से चूक गए। उन्होंने स्नैच और क्लीन एंड जर्क दोनों में कुल 345 किग्रा भार उठाया और दूसरे स्थान पर रहे। भारोत्तोलन में भारत ने कुल 11 स्वर्ण जीते।
भारोत्तोलन में भारत की स्वर्णिम शुरुआत पहले ही दिन से ही हो गई थी जो अंतिम दिन तक जारी रही। स्वर्ण जीतने वाले अन्य भारोत्तोलकों में मीराबाई चानू (48 किग्रा) , हर्षदीप कौर (56 किग्रा), सरस्वती राउत (58 किग्रा), सांबू लापोग (69 किग्रा), अजय सिंह (77 किग्रा), राखी हालेर (69 किग्रा), कविता देवी (75 किग्रा), विकास ठाकुर (85 किग्रा), प्रदीप सिंह (94 किग्रा), विक्टर अबिलाश क्रिस्टोफर (105 किग्रा) और सुशीला पंवार (75 किग्रा से अधिक) शामिल रहे।
तैराकी : भारत ने तैराकी में अपना दबदबा बरकरार रखते हुए सात और स्वर्ण पदक जीत लिए। सौरभ सांगवेकर ने 400 मीटर फ्रीस्टाइल में नए सैग रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता। वी मालविका ने महिलाओं की 400 मी फ्रीस्टाइल में नया रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण अपने नाम किया।
साजन प्रकाश ने 200 मी बटरफ्लाई का स्वर्ण पदक जीत लिया। दामिनी गौडा 200 मी. बटरफ्लाई का स्वर्ण पदक नए सैग रिकॉर्ड के साथ जीता। पीएस मधु ने पुरुषों की 50 मी. बैकस्ट्रोक स्पर्धा में नया रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण जीता। भारतीय तैराकों ने पुरुषों और महिलाओं की चार गुना 200 मी. फ्रीस्टाइल रिले में भी स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
साइकलिंग : भारत ने साइकलिंग स्पर्धाओं में आठ में से छह स्वर्ण पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित कर दी। विद्यालक्ष्मी टूरंगम ने महिला साइकलिंग में मेजबान देश को तीन स्वर्ण पदक जिताए तो अरविंद परमार ने दो स्वर्ण पदक जीते। विद्यालक्ष्मी ने दो स्वर्ण एकल स्पर्धा में जबकि एक स्वर्ण टीम इवेंट में जीता। अरविंद ने एक स्वर्ण पदक एकल स्पर्धा में जबकि दूसरा स्वर्ण टीम स्पर्धा में जीता।
भारतीय महिलाओं ने मंगलवार को 80 किलोमीटर व्यक्तिगत साइकलिंग स्पर्धा में शीर्ष तीनों स्थानों पर रहकर स्वर्ण, रजत और कांस्य हासिल कर क्लीन स्वीप कर लिया। विद्यालक्ष्मी टूरंगबम ने सैग खेलों में अपने विजयी क्रम को बढ़ाते हुए दो घंटे 30 मिनट 55.350 सेकंड का समय लेकर पहला स्थान हासिल कर स्वर्ण जीता। लिद्यामोल सनी मेनामपारमबिल (दो घंटे 30 मिनट 55.690 सेकंड) ने रजत और गीतू राज एनएन (दो घंटे 30 मिनट 55.990 सेकंड) ने कांस्य पदक जीता। भारत ने छह स्वर्ण पदकों के अलावा पांच रजत और दो कांस्य पदक भी जीते।
वॉलीबाल : भारत ने पुरुष और महिला वॉलीबाल के भी स्वर्ण पदक जीत लिए। भारतीय पुरुष टीम ने श्रीलंका को लगातार सेटों में 25-19, 25-22, 28-26 से हराया जबकि महिला टीम ने श्रीलंका को 25-14, 25-21, 25-14 से पराजित किया।
वुशू : भारत के चार खिलाड़ियों उचित शर्मा, रवि पांचाल, सूर्यभानु सिंह और मुकेश चौधरी ने अपने अपने मुकाबले जीतकर सनशुओ राउंड के फाइनल मुकाबलों में जगह बना ली। उचित (52 किग्रा) ने अफगानिस्तान के करीम फाकरी, पांचाल (56) ने अफगानिस्तान के शफीक शाका, सूर्य भानु (60) ने अफगानिस्तान के खालिद होताक और मुकेश (70) ने अफगानिस्तान के मारुफ हैदरी को हराकर फाइनल में जगह बनाई । बुधवार को इस राउंड के फाइनल होंगे।
तीरंदाजी : भारत ने तीरंदाजी में पांच स्वर्ण पदक जीत लिए हैं। रजत चौहान ने पुरुष कंपाउंड वर्ग का स्वर्ण पदक एशियाई खेलों के स्वर्ण विजेता अभिषेक वर्मा को 144-142 से हराकर जीता। महिला कंपाउंड का स्वर्ण पुरवाषा सुधीर शिंद ने ज्योति सुरेखा को 138-133 से हराकर जीता। कंपाउंड मिश्रित टीम स्पर्धा का स्वर्ण भारत ने बंगलादेश को 156-138 से हराकर जीता। कंपाउंड टीम महिला के स्वर्ण के लिए भारत ने बंगलादेश को 228-217 से हराया। कंपाउंड टीम पुरुष का स्वर्ण भारत ने 230 के स्कोर के साथ जीता। (वार्ता)