1. समाचार
  2. शेयर बाजार
  3. समाचार
  4. Stock market recovers after sharp fall, how will it fare next week

भारी गिरावट के बाद संभला शेयर बाजार, अगले हफ्ते कैसी रहेगी चाल?

Stock market recovers after sharp fall, how will it fare next week
Share Market Weekly Review : अमेरिका-ईरान युद्ध और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी की वजह से भारतीय शेयर बाजार के लिए यह हफ्ता काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा। 3 दिन बाजार हरे निशान में तो 2 दिन लाल निशान में रहा। इस हफ्ते सेंसेक्स में 194 अंकों की गिरावट आई तो निफ्टी भी 62 अंक नीचे हुआ। जानिए मार्केट ट्रेड और निवेशकों के लिए कैसा रहेगा आने वाला सप्ताह?
 

कैसी रही सेंसेक्स और निफ्टी की चाल

हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को सेंसेक्स 521 अंकों की तेजी के साथ 78285 पर बंद हुआ तो निफ्टी 159 अंक बढ़कर 24430 पर बंद हुआ। मंगलवार को सेंसेक्स 104 अंक गिरकर 78181 पर बंद हुआ। निफ्टी 32 अंकों की गिरावट के साथ 24399 पर पहुंच गया।
 
बुधवार को सेंसेक्स 1677 अंक गिरकर 76504 पर जा पहुंचा। निफ्टी 517 अंकों की गिरावट के साथ 23882 पर बंद हुआ। गुरुवार को सेंसेक्स 238 अंक बढ़कर 76742 पर पहुंच गया तो निफ्टी 81 अंकों की बढ़त के 23963 पर बंद हुआ। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन सेंसेक्स 828 अंक बढ़कर 77569 पर पहुंच गया। निफ्टी भी 244 अंकों के उछाल के साथ 24207 पर जा पहुंचा।
 

इन फैक्टर्स से तय हुई बाजार की चाल

शेयर बाजार में इस हफ्ते निवेशकों ने मंगलवार को जमकर बिकवाली की तो सोमवार, गुरुवार और शुक्रवार को जमकर खरीदारी हुई। अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध ने निवेशकों को सर्तक किया तो ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के साथ भारत के एफटीए साइन होने संबंधी खबरों ने बाजार में सकारात्मक माहौल बनाया। ब्लू चिप कंपनियों में निवेशकों ने काफी दिलचस्पी दिखाई। कंपनियों के Q1 नतीजों की शुरुआत, FII-DII फ्लो, वैश्विक बाजार, कच्चे तेल की कीमतें, डॉलर-रुपया और मानसून जैसे कई कारकों के संयुक्त प्रभाव ने शेयर बाजार को प्रभावित किया। 
 

कैसा रहेगा अगला हफ्ता?

यदि कंपनियों के तिमाही नतीजे उम्मीद से बेहतर रहते हैं, विदेशी निवेशकों की खरीदारी बनी रहती है और वैश्विक बाजारों से सकारात्मक संकेत मिलते हैं, तो बाजार में तेजी देखने को मिल सकती है। वहीं, कमजोर कॉरपोरेट नतीजे, वैश्विक अनिश्चितता, कच्चे तेल में तेज उछाल या विदेशी निवेशकों की बिकवाली से बाजार पर दबाव बढ़ सकता है।
 
अमेरिकी बाजारों का प्रदर्शन, फेडरल रिजर्व से जुड़े संकेत और बॉन्ड यील्ड में बदलाव भारतीय बाजार की धारणा को प्रभावित करेंगे। ब्रेंट क्रूड की कीमतों और डॉलर के मुकाबले रुपये की स्थिति पर ऊर्जा, ऑटो, एविएशन और आईटी शेयरों की चाल निर्भर करेगी।
 

SBI फंड्स का 11693 करोड़ का IPO

देश की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी SBI फंड्स मैनेजमेंट का 11693 करोड़ रुपए का IPO 14 जुलाई से निवेशकों के लिए खुलेगा। आप इसमें 16 जुलाई तक बोली लगा सकेंगे। एंकर इन्वेस्टर्स को इस आईपीओ में सोमवार, 13 जुलाई को बोली लगाने का मौका मिलेगा। आईपीओ में शेयरों का अलॉटमेंट 18 जुलाई को तय होगा और कंपनी के शेयर 21 जुलाई को BSE और NSE पर लिस्ट होंगे। इसके एक शेयर का फेस वैल्यू 1 रुपया है। इसका प्राइस बैंड 545 से 574 रुपए तय किया गया है।

अस्वीकरण : यह लेख केवल सूचना के उद्देश्य से है। यह कोई निवेश सलाह नहीं है। किसी भी निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर लें।
लेखक के बारे में
नृपेंद्र गुप्ता
नृपेंद्र गुप्ता पिछले 21 वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं। प्रिंट एवं डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य का अनुभव। वर्तमान में वेबदुनिया की न्यूज टीम में सहायक संपादक के रूप में कार्यरत हैं।   अनुभव : नृपेंद्र गुप्ता 2 दशक से ज्यादा समय से प्रिंट एवं डिजिटल मीडिया में कार्य.... और पढ़ें