1. समाचार
  2. शेयर बाजार
  3. समाचार
  4. Sensex rises 247 points on mixed trend in global markets

वैश्विक बाजारों के मिलेजुले रुख से सेंसेक्स 247 अंक चढ़ा, निफ्टी में भी रही 67.90 अंक की मजबूती

Mumbai Stock Market
मुंबई। वैश्विक बाजारों में मिलेजुले रुख के बीच बुधवार को शुरुआती कारोबार में घरेलू शेयर बाजार में तेजी रही और सेंसेक्स व निफ्टी बढ़त के साथ खुले। इस दौरान 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 247.02 अंक या 0.42 प्रतिशत चढ़कर 59,353.46 अंक पर पहुंच गया, वहीं एनएसई निफ्टी 67.90 अंक या 0.39 प्रतिशत की बढ़त के साथ 17,465.95 अंक पर था।
 
सेंसेक्स में एचडीएफसी बैंक, एचडीएफसी और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेस समेत 13 कंपनियों के शेयर लाभ में कारोबार कर रहे थे जबकि 17 शेयर नुकसान में थे। अमेरिकी बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ जबकि यूरोप के बाजार मिलेजुले रुख के साथ बंद हुए थे।
 
पिछले कारोबारी सत्र में सोमवार को 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 114.92 अंक यानी 0.19 प्रतिशत की तेजी के साथ 59,106.44 अंक पर बंद हुआ था। सेंसेक्स में शामिल शेयरों में 22 लाभ में जबकि 8 नुकसान में रहे, वहीं 50 शेयरों पर आधारित नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 38.30 अंक यानी 0.22 प्रतिशत की तेजी के साथ 17,398.05 अंक पर बंद हुआ था।
 
निफ्टी के शेयरों में 32 लाभ में जबकि 18 नुकसान में रहे। महावीर जयंती के अवसर पर मंगलवार को बाजार बंद थे। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक सोमवार को विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने 321.93 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta
अगला लेख
163 दिन बाद देश में कोरोना के 4435 नए मरीज, एक्टिव मरीजों की संख्‍या 23,000 पार