1. समाचार
  2. शेयर बाजार
  3. समाचार
  4. Sensex loses 354 points due to fall in big stocks

बड़े शेयरों में गिरावट से सेंसेक्स 354 अंक टूटा, निफ्टी भी 17,700 के स्तर पर पहुंचा

Mumbai Stock Exchange
मुंबई। कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच एचडीएफसी के दोनों शेयरों और रिलायंस जैसे बड़े शेयरों के नुकसान में जाने से प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स में गुरुवार को लगातार तीसरे दिन गिरावट आई। सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 354 अंक से अधिक टूट गया।
 
इस दौरान 30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 354.54 अंक की गिरावट के साथ 59,255.87 पर कारोबार कर रहा था। इसी तरह व्यापक एनएसई निफ्टी 91.35 अंक गिरकर 17,716.30 पर आ गया। सेंसेक्स में एचडीएफसी बैंक, एचडीएफसी, टाइटन, विप्रो, टीसीएस, नेस्ले और रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड शुरुआती कारोबार में गिरने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे। दूसरी ओर डॉ. रेड्डीज, एनटीपीसी, ऐक्सिस बैंक और सन फार्मा हरे निशान में कारोबार कर रहे थे।
पिछले सत्र में बुधवार को 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 566.09 अंक यानी 0.94 प्रतिशत का गोता लगाकर 59,610.41 अंक पर बंद हुआ था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 149.75 अंक यानी 0.83 प्रतिशत की गिरावट के साथ 17,807.65 अंक पर बंद हुआ था।

इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.71 प्रतिशत बढ़कर 102.80 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर पहुंच गया। शेयर बाजारों से उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 2,279.97 करोड़ रुपए मूल्य के शेयर बेचे।
अगला लेख
गोरखपुर मंदिर अटैक : अखिलेश के बयान से केशव प्रसाद मौर्य नाराज, लगाया आतंकियों से संबंध रखने का आरोप