शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. शेयर बाजार
  3. समाचार
  4. बड़ी कंपनियों में गिरावट से सेंसेक्स में 250 से अधिक अंक नीचे आया
Written By
Last Updated : गुरुवार, 22 अक्टूबर 2020 (11:30 IST)

बड़ी कंपनियों में गिरावट से सेंसेक्स में 250 से अधिक अंक नीचे आया

Mumbai stock market | बड़ी कंपनियों में गिरावट से सेंसेक्स में 250 से अधिक अंक नीचे आया
मुंबई। वैश्विक बाजारों की नरमी के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईसीआईसीआई बैंक और इंफोसिस जैसी बड़ी कंपनियों के गिरावट में रहने से गुरुवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 250 अंक से अधिक नीचे आ गया। 
 
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 279.13 अंक यानी 0.69 प्रतिशत की गिरावट के साथ 40,428.18 अंक पर कारोबार कर रहा था। इसी तरह एनएसई का निफ्टी भी 80.05 अंक यानी 0.67 प्रतिशत गिरकर 11,857.60 अंक पर था।
 
सेंसेक्स की कंपनियों में आईसीआईसीआई बैंक सर्वाधिक करीब 2 प्रतिशत की गिरावट में थी। इसके साथ ही एशियन पेंट्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज, पॉवरग्रिड, नेस्ले इंडिया और भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) जैसे शेयर भी गिरावट में थे,  वहीं दूसरी ओर बजाज फिनसर्व, बजाज फाइनेंस, भारती एयरटेल, एलएंडटी और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर बढ़त में थे। पिछले सत्र में सेंसेक्स 162.94 अंक यानी 0.40 प्रतिशत बढ़कर 40,707.31 अंक पर था।
एनएसई का निफ्टी 40.85 अंक यानी 0.34 प्रतिशत बढ़कर 11,937.65 पर बंद हुआ था। 
 
शेयर बाजारों के के आंकड़ों से पता चला कि विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने बुधवार को शुद्ध आधार पर 2,108.48 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। वैश्विक मोर्चे पर एशियाई बाजारों में चीन का शंघाई कंपोजिट, हांगकांग का हैंगसेंग, जापान का निक्की और दक्षिण कोरिया का कोस्पी गिरावट में थे।

अमेरिका के वॉल स्ट्रीट में शेयर बाजार रात में गिरकर बंद हुए। इस बीच कच्चा तेल का अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.50 प्रतिशत की गिरावट के साथ 41.52 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। (भाषा)
ये भी पढ़ें
Live Updates : पश्चिम बंगाल में पीएम मोदी ने की ऑनलाइन दुर्गा पूजा, दिया संदेश...