जेल में बंद कैदी का वीडियो वायरल, स्वर्ग के मजे ले रहा हूं...
Video of prisoner lodged in Bareilly jail goes viral : उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में एक ठेकेदार की हत्या के आरोपी का बरेली जेल में निरुद्ध रहने के दौरान सोशल मीडिया पर लाइव होने का एक वीडियो वायरल होने के बाद जेल के उप महानिरीक्षक कुंतल किशोर ने इस प्रकरण की जांच का आदेश दिया है। वायरल वीडियो में आरोपी कह रहा है, मैं स्वर्ग में हूं और स्वर्ग का मजा ले रहा हूं।
पुलिस ने इसकी जानकारी दी। जिले के थाना सदर बाजार क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग के ठेकेदार राकेश यादव (34) की दो दिसंबर 2019 को सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई थी जिसमें पुलिस ने शूटर आसिफ और राहुल चौधरी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। वायरल वीडियो में आरोपी कह रहा है, मैं स्वर्ग में हूं और स्वर्ग का मजा ले रहा हूं। दोस्तों के लिए अलग जगह बनाई जाती है। दोस्त तो दिल में रहते हैं।
किराए पर बुलाए गए थे हत्या के आरोपी : आरोपी का वीडियो वायरल होने के बाद मृतक के भाई ने बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह से मुलाकात की और उन्हें एक शिकायत पत्र भी दिया, जिसमें लिखा है कि शूटर आसिफ और राहुल चौधरी किराए पर मेरे भाई की हत्या करने के लिए मेरठ से बुलवाए गए थे। शिकायतकर्ता ने दावा किया कि जेल में इन्हें सारी सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।
बरेली जेल के उप महानिरीक्षक कुंतल किशोर ने बताया की सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो उन्हें मिल गया है और वह पूरे मामले की जांच कर रहे हैं और जांच के बाद जो भी दोषी होगा, उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें