शुक्रवार, 27 सितम्बर 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. urine on passenger in flight
Written By
Last Updated : रविवार, 5 मार्च 2023 (08:52 IST)

शर्मनाक, नशे में सह-यात्री पर की पेशाब, न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रहा था विमान

शर्मनाक, नशे में सह-यात्री पर की पेशाब, न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रहा था विमान - urine on passenger in flight
नई दिल्ली। न्यूयॉर्क से नई दिल्ली आ रहे अमेरिकन एअरलाइंस के विमान में एक यात्री ने नशे की हालत में एक पुरुष सह-यात्री पर पेशाब कर दिया। यह घटना उड़ान संख्या एए292 में हुई जिसने शुक्रवार को रात नौ बजकर 16 मिनट पर न्यूयॉर्क से उड़ान भरी थी और शनिवार रात 10 बजकर 12 मिनट पर यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर उतरी।
 
बताया जा रहा है कि आरोपी एक अमेरिकी विश्वविद्यालय का छात्र है। वह नशे की हालत में था और उसने नींद में कपड़ों में ही पेशाब कर दिया जिससे बगल में बैठा हुआ यात्री भी गीला हो गया। इसके बाद यात्री ने चालक दल से शिकायत की।
 
पीड़ित यात्री पुलिस से इस मामले की शिकायत नहीं करना चाहता था क्योंकि आरोपी छात्र ने माफी मांग ली थी तथा शिकायत करने से उसका करियर खतरे में पड़ सकता था।
 
बहरहाल, एअरलाइन ने इसे गंभीरता से लिया और इस मामले की सूचना आईजीआई (इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय) हवाई अड्डे पर हवाई यातायात नियंत्रण (एटीसी) को दी। एटीसी ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के कर्मियों को इसकी सूचना दी जिसने विमान से उतरने के बाद आरोपी को फौरन हिरासत में ले लिया गया।
 
नागरिक उड्डयन नियमों के अनुसार, अगर कोई यात्री अनुचित व्यवहार का दोषी पाया जाता है तो उसे किसी खास अवधि तक उड़ान भरने से प्रतिबंधित किया जा सकता है।
 
पिछले कुछ महीनों में नशे की हालत में किसी यात्री के सह-यात्री पर पेशाब करने की यह दूसरी घटना है। एअर इंडिया की 26 नवंबर को न्यूयॉर्क-दिल्ली उड़ान में भी ऐसी ही घटना हुई थी जिसमें शंकर मिश्रा नामक यात्री ने नशे की हालत में एक बुजुर्ग महिला पर पेशाब कर दिया था।
 
यह घटना मीडिया में एक खबर के जरिए करीब एक महीने बाद सामने आयी थी जिसके बाद प्राथमिकी दर्ज की गयी और मिश्रा को गिरफ्तार किया गया। उसे करीब एक महीने जेल में रहने के बाद जमानत पर रिहा कर दिया गया। इस घटना की 12 घंटे के भीतर सूचना न देने के लिए एअर इंडिया पर 30 लाख रुपए का जुर्माना लगाया था। (भाषा)
Edited by : Nrapendra Gupta 
ये भी पढ़ें
होली से पहले फिर बदला मौसम का मिजाज, 9 राज्यों में बारिश के आसार