1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. surat creates new world record on yoga day

सूरत में 1 लाख से ज्यादा ने एक साथ किया योग, बना विश्व रिकॉर्ड

world record in surat on yoga day
Surat News : अंतरराष्‍ट्रीय योग दिवस पर गुजरात में 72,000 से ज्यादा स्थानों पर योगाभ्यास किया गया। सूरत में एक स्थान पर एक लाख से अधिक लोगों ने एक साथ योग कर नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम किया है।
 
गुजरात के गृह राज्यमंत्री हर्ष सांघवी ने बताया कि सूरत में योग दिवस कार्यक्रम में एक स्थान पर योग सत्र में सबसे अधिक संख्या में लोगों के जुटने का नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम हुआ है।
 
इस बीच, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल सूरत के डुमास इलाके में राज्य स्तरीय 'अंतरराष्ट्रीय योग दिवस' कार्यक्रम में शामिल हुए।
 
पटेल ने योग सत्र शुरू होने से पहले अपने संबोधन में कहा कि राज्य में 72,000 स्थानों पर योग दिवस कार्यक्रम में कुल 1.25 करोड़ लोगों ने हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने योग को दुनियाभर में लोकप्रिय बनाया है।
 
उन्होंने कहा कि हमने देखा कि कोरोना वायरस महामारी के दौरान योग और प्राणायाम ने कैसे लोगों की मदद की। सूरत में एक लाख से अधिक लोगों ने एक साथ योग कर विश्व रिकॉर्ड बनाया है।
 
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार योग को लोकप्रिय बनाने के लिए निकट भविष्य में 21 योग स्टूडियो खोलेगी। राज्य योग बोर्ड ने अभी तक 5,000 लोगों को प्रशिक्षण दिया है।
 
सूरत में मुख्यमंत्री की उपस्थिति में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर राज्य-स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जबकि अन्य मंत्रियों, विधायकों, सांसदों और अधिकारियों ने विभिन्न जिलों में योग दिवस कार्यक्रम में भाग लिया।
 
देश की आजादी की 75वीं वर्षगांठ के जश्न के तौर पर राज्य सरकार ने योग दिवस मनाने के लिए 75 ‘ऐतिहासिक स्थलों’ का चयन किया था, जिनमें साबरमती रिवरफ्रंट (अहमदाबाद), स्टैच्यू ऑफ यूनिटी (केवड़िया), कच्छ का रण और मोढेरा का सूर्य मंदिर शामिल हैं।
Edited by : Nrapendra Gupta 
अगला लेख
Petrol Diesel Prices: यूपी और बिहार में आई पेट्रोल-डीजल के दामों में गिरावट, तेल कंपनियों ने जा‍री किए नए भाव