1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Shivraj Singh Chauhan, Madhya Pradesh Cabinet

शिवराज शनिवार को करेंगे मंत्रिमंडल का विस्तार

Shivraj Singh Chauhan
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे। इस संबंध में तैयारियों को अंतिम स्वरूप दे दिया गया है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह कल सुबह साढ़े नौ बजे राजभवन में आयोजित किया जाएगा।


राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल नए मंत्रियों को शपथ दिलाएंगी। राज्यपाल श्रीमती पटेल से मुख्यमंत्री चौहान ने कल शाम मुलाकात की थी। वे लगभग आधा घंटे तक राजभवन में रहे। इसके बाद आज सुबह से चौहान मंत्रिमंडल के विस्तार या पुनर्गठन की चर्चाएं होने लगी थीं।

उच्च स्तर पर संकेत मिलने के बाद शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां शुरू हुईं और वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने तैयारियों का शाम को जायजा भी लिया। मध्यप्रदेश में इस वर्ष के अंत में विधानसभा चुनाव हैं। इस लिहाज से मंत्रिमंडल विस्तार की सभी को खासतौर से सत्तारूढ़ दल भाजपा के नेताओं को इसकी काफी प्रतीक्षा थी।

माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल में कुछ नए चेहरों को शामिल किए जा सकता है। उच्च स्तर पर संकेत मिले हैं कि लगभग तीन नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जा सकती है। दो सौ 30 सदस्ईय विधानसभा के मान से निर्धारित मापदंडों के अनुरूप राज्य में मुख्यमंत्री समेत अधिकतम 35 मंत्री हो सकते हैं।

वर्तमान में मुख्यमंत्री के अलावा 19 कैबिनेट और नौ राज्य मंत्री हैं। इस तरह बगैर किसी को हटाए अभी अधिकतम छह लोगों को मंत्री बनाया जा सकता है। हालांकि प्राय: करके मुख्यमंत्री रणनीतिक तौर पर मंत्रिमंडल में कुछ स्थान रिक्त रखते हैं। (वार्ता) 
अगला लेख
डोनाल्ड ट्रंप का न्याय विभाग और एफबीआई पर संगीन आरोप