हाथ बंधे हुए, तहखाने में कैदी जैसा जीवन, नोएडा के वृद्धाश्रम की दिल दहलाने वाली कहानी
Old age home Case : नोएडा स्थित एक वृद्धा आश्रम में लगातार मिल रही शिकायतों के बाद महिला आयोग की टीम और समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने छापेमारी की। छापेमारी के दौरान वृद्धाश्रम की स्थिति देखकर अधिकारियों का पारा सातवें आसमान पर चढ़ गया। उन्होंने अनियमितताओं को देखते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। जिसके बाद इस ओल्ड ऐज होम से 42 बुजुर्गों को दूसरे वृद्धाश्रम में शिफ्ट करने की कवायद शुरू हो गई है।
नोएडा के सेक्टर-55 स्थित आनंद निकेतन वृद्धाश्रम का एक वीडियो लखनऊ पहुंच गया। वीडियो में वृद्धा के हाथ बांधे हुए थे और उसके साथ व्यवहार भी गलत किया जा रहा था। इस शिकायत पर राज्य मीडिया आयोग की सदस्य मीनाक्षी भराला और समाज कल्याण के अधिकारियों ने आश्रम पर रेड मारी। टीम ने निरीक्षण के दौरान पाया कि वृद्धजनों के लिए न तो उचित रहन-सहन की व्यवस्था है और न ही जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हैं। इसके अलावा साफ-सफाई और खानपान की व्यवस्था भी अत्यंत खराब पाई गई।
पूछताछ पर भड़के ट्रस्टी और कर्मचारी : अधिकारियों ने मौके पर मौजूद ट्रस्टी और कर्मचारियों से पूछताछ की तो वे उल्टा ही भड़क गए और निराश्रित बुजुर्गों को पागल कहते हुए अपनी जान का खतरा बताने लगे। समाज कल्याण विभाग के मुताबिक आश्रम में 42 बुजुर्ग निवासरत हैं, जिनकी देखभाल में लापरवाही बरती जा रही है।
इस आश्रम में रह रहे तीन बुजुर्गों की गंभीर अवस्था को देखते हुए तत्काल दनकौर स्थित एक अन्य सुविधा केंद्र में स्थानांतरित कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि एक सप्ताह के भीतर अन्य सभी 39 बुजुर्गों को समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित वृद्धाश्रम में शिफ्ट कर दिया जाएगा, ताकि उन्हें उचित देखभाल और सुविधा मिल सके।
ट्रस्ट के खिलाफ की जाएगी कानूनी कार्रवाई : आश्रम का संचालन कर रहे ट्रस्ट को नोटिस जारी करते हुए लापरवाही के कारणों का जवाब मांगा गया है। समाज कल्याण विभाग द्वारा ट्रस्ट से पूछा गया है कि इतने समय तक लापरवाही क्यों बरती गई और बुजुर्गों के हितों की अनदेखी क्यों की गई। महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि बुजुर्गों के साथ अमानवीय व्यवहार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो ट्रस्ट के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी, वहीं आश्रम में सीलिंग की प्रक्रिया के लिए भी पत्राचार शुरू कर दिया गया है।
निरीक्षण के दौरान चौंकाने वाली तस्वीर आई सामने : राज्य महिला आयोग की सदस्य मीनाक्षी भराला ने मीडिया को बातचीत में बताया कि सेक्टर-55 स्थित आनंद निकेतन वृद्धाश्रम में छापेमारी की गई है। छापेमारी की कार्रवाई को गुप्त रखा गया। निरीक्षण के दौरान चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई। एक बुजुर्ग महिला बंधी मिली जबकि आश्रम के अन्य बुजुर्गों को तहखाने जैसे कमरों में बंद किया हुआ था, हवा-पानी का साधन नहीं था, नारकीय जीवन जीने को बाध्य थे ये बुजुर्ग। कुछ पुरुषों के शरीर पर कपड़े नहीं थे, तो कुछ महीलाओं के शरीर आधे-अधूरे कपड़ों से ढंके थे।
समाज कल्याण विभाग ने कहा कि सरकार बुजुर्गों के प्रति बेहद संवेदनशील है, जो परिवार से पहले ही बिछुड़ चुके हैं और अपनों से दूर रहकर जीवन-यापन कर रहे हैं, उनके हितों की रक्षा करना सरकार का धर्म है। इसलिए छापेमारी की यह कार्रवाई केवल इसी एक आश्रम तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि क्षेत्र के अन्य वृद्धा आश्रमों की भी जांच की जाएगी। आश्रम में रह रहे बुजुर्गों को अन्य जगह शिफ्ट करके जल्द ही बंद कर दिया जाएगा और भविष्य में इसके स्थान पर किसी अन्य संस्था को जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
Edited By : Chetan Gour
Old Age Home में अमानवीयता, 40 बुज़ुर्ग रेस्क्यू, हाथ बांधकर कमरे में बंद#Noida #OldAgeHome #viralvideo #RESCUE pic.twitter.com/lRMOHhxkIG
— Webdunia Hindi (@WebduniaHindi) June 27, 2025
समाज कल्याण विभाग ने कहा कि सरकार बुजुर्गों के प्रति बेहद संवेदनशील है, जो परिवार से पहले ही बिछुड़ चुके हैं और अपनों से दूर रहकर जीवन-यापन कर रहे हैं, उनके हितों की रक्षा करना सरकार का धर्म है। इसलिए छापेमारी की यह कार्रवाई केवल इसी एक आश्रम तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि क्षेत्र के अन्य वृद्धा आश्रमों की भी जांच की जाएगी। आश्रम में रह रहे बुजुर्गों को अन्य जगह शिफ्ट करके जल्द ही बंद कर दिया जाएगा और भविष्य में इसके स्थान पर किसी अन्य संस्था को जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
Edited By : Chetan Gour

