1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Pharmacist suspended for posing with President's helicopter

राष्ट्रपति के हेलीकॉप्टर के साथ तस्वीर खींचने पर फार्मासिस्ट निलंबित

President Draupadi Murmu
Draupadi Murmu: भुवनेश्वर। ओडिशा के बारिपदा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) के एक कार्यक्रम में बिजली के व्यवधान को लेकर विवाद अभी जारी है, इस बीच मयूरभंज के मुख्य जिला चिकित्सा अधिकारी (CDMO) ने राष्ट्रपति के हेलीकॉप्टर के साथ तस्वीर खींचने के मामले में एक फार्मासिस्ट (pharmacist) को निलंबित कर दिया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
 
उन्होंने बताया कि सीडीएमओ डॉ. रूपभानु मिश्रा ने राष्ट्रपति के हेलीकॉप्टर के साथ तस्वीर खींचने और उसे फेसबुक पर डालने के मामले में फार्मासिस्ट जशोबंत बेहरा को निलंबित कर दिया है। बेहरा को 5 मई को राष्ट्रपति के सिमिलीपाल नेशनल पार्क के भ्रमण के दौरान उनके चिकित्सा दल में तैनात किया गया था।
 
बेहरा ने कहा कि मैंने केवल याद रखने और आनंद के लिए कुछ तस्वीरें मेरे फेसबुक अकाउंट पर लगा दी थीं। मेरा ऐसा करने के पीछे कोई और इरादा नहीं था। हालांकि मैंने हेलीकॉप्टर की सुरक्षा में लगे वायुसेना के कुछ कर्मियों से इसकी मौखिक अनुमति ली थी।
 
राष्ट्रपति महोदया जैसी महान हस्ती जिले में आई थीं और मैं हैलीपैड पर ड्यूटी में था तो तस्वीरों को स्मृति के तौर पर रखना चाहता था। उन्होंने दावा किया कि फेसबुक खाते से उन्होंने तस्वीरें हटा ली हैं। ये तस्वीरें हेलीकॉप्टर के पास से मोबाइल फोन कैमरे से खींची गई थीं।
 
इस बीच महाराजा श्रीरामचंद्र भांजा देव विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति की उपस्थिति में बिजली आपूर्ति में व्यवधान से जुड़े मुद्दे ने राजनीतिक रंग ले लिया है और विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मांग की है कि देश की प्रथम नागरिक को दीक्षांत समारोह में उनके संबोधन के दौरान करीब 9 मिनट तक अंधेरे में रखने के लिए मुख्यमंत्री को माफी मांगनी चाहिए।
 
केंद्रीय जलशक्ति राज्य मंत्री बिशेश्वर टुडु ने मयूरभंज के जिलाधिकारी और विश्वविद्यालय के कुलपति को इस मामले में तत्काल बर्खास्त किए जाने की भी मांग की। भाजपा की मयूरभंज जिला इकाई ने भी राज्य सरकार पर निशाना साधा। भाजपा ने इस मामले में उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। भाजपा ने यह संदेह भी जताया कि राष्ट्रपति को अपमानित करने के लिए ऐसा किया गया।
 
संबंधित घटनाक्रम में मयूरंभज जिले के स्थानीय संगठन 'भांजा सेना' ने कहा कि राष्ट्रपति के कार्यक्रम में बिजली चली जाने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर वे बंद का आयोजन करेंगे।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta
अगला लेख
अमेरिका में गोलीबारी में भारतीय इंजीनियर सहित 9 लोगों की मौत