1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Antilia Case: बयान दर्ज कराने के लिए NIA के समक्ष पेश हुए परमबीर सिंह

Antilia Case: बयान दर्ज कराने के लिए NIA के समक्ष पेश हुए परमबीर सिंह

ParambirSingh
मुंबई। मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर के पास एक एसयूवी पाए जाने के मामले में अपना बयान दर्ज कराने के लिए बुधवार को यहां एनआईए के समक्ष पेश हुए। इस एसयूवी में विस्फोटक सामग्री पाई गई थी। एक अधिकारी ने बताया कि सिंह कार से सुबह करीब 9.30 बजे दक्षिण मुंबई में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) के कार्यालय पहुंचे।

 
सिंह को 25 फरवरी को अंबानी के घर के पास से एसयूवी बरामद किए जाने और उसके बाद ठाणे के कारोबारी मनसुख हिरेन की हत्या के बाद पिछले महीने मुंबई पुलिस आयुक्त के पद से हटा दिया गया था। इस एसयूवी में विस्फोट सामग्री पाई गई थी। सिंह अभी होमगार्ड्स के महानिदेशक पद पर हैं।
 
सूत्रों ने बताया कि एनआईए ने मामले में बयान दर्ज कराने के लिए सिंह को तलब किया था। एनआईए ने दक्षिण मुंबई में अंबानी के घर के पास यह वाहन खड़ा करने में कथित भूमिका के लिए सहायक पुलिस निरीक्षक सजिन वाजे को पिछले महीने गिरफ्तार किया था। उसने मनसुख हिरेन की हत्या के संबंध में निलंबित पुलिस कांस्टेबल विनायक शिंदे और क्रिकेट सट्टेबाज नरेश गोर को भी गिरफ्तार किया था। हिरेन का शव 5 मार्च को ठाणे के मुंब्रा क्रीक में पाया गया था। (भाषा)
अगला लेख
RBI ने ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया, नहीं मिलेगी लोन पर EMI में राहत