पश्चिम बंगाल के हुगली में पाकिस्तानी महिला गिरफ्तार, साल 1980 में पर्यटक वीजा पर आई थी भारत
Pakistani woman arrested : पश्चिम बंगाल पुलिस ने शनिवार को हुगली जिले से एक पाकिस्तानी महिला को गिरफ्तार किया। महिला 1980 में पर्यटक वीजा पर भारत आई थी और 45 साल से अधिक समय से चंदननगर के कुथिरमठ क्षेत्र में रह रही थी। महिला ने बताया कि भारतीय नागरिकता के लिए कई बार आवेदन किया था, लेकिन उसे मंजूरी नहीं मिली। पुलिस ने महिला के प्रत्यर्पण की कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
एक अधिकारी ने बताया कि फातिमा बीबी 1980 में पर्यटक वीजा पर भारत आई थी और 45 साल से अधिक समय से चंदननगर के कुथिरमठ क्षेत्र में रह रही थी। फातिमा का पति मुजफ्फर मलिक एक भारतीय नागरिक है। उसने बताया कि फातिमा ने भारतीय नागरिकता के लिए कई बार आवेदन किया था, लेकिन उसे मंजूरी नहीं मिली।
अधिकारियों ने बताया कि चंदननगर पुलिस आयुक्तालय की नियमित जांच के दौरान भारत में फातिमा की मौजूदगी का पता चला। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने महिला को हिरासत में ले लिया है और उसके प्रत्यर्पण की कार्यवाही शुरू कर दी गई है। हालांकि फातिमा की बेटी ने दावा किया कि उसकी मां के पास भारतीय आधार और पैन कार्ड हैं तथा वह देश में छिपकर नहीं रह रही थी।
उसने कहा, मेरी मां (फातिमा) का जन्म हुगली के नालिकुल में हुआ था और वह बचपन में अपने पिता के साथ पाकिस्तान चली गई थीं। 1980 के दशक में वह भारत लौटीं और तब से यहीं रह रही हैं। पाकिस्तान में उनका कोई रिश्तेदार नहीं है और उन्होंने कई बार कानूनी तौर पर नागरिकता के लिए आवेदन किया, लेकिन प्रक्रियागत कारणों से उनका आवेदन स्वीकार नहीं किया गया।(भाषा)
(सांकेतिक फोटो)
Edited By : Chetan Gour
(सांकेतिक फोटो)
Edited By : Chetan Gour

