1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Order for investigation against Parambir Singh on corruption charges

महाराष्ट्र : भ्रष्टाचार के आरोपों में परमबीर सिंह के खिलाफ जांच के आदेश

Maharashtra Home Department of Maharashtra
मुंबई। महाराष्ट्र के गृह विभाग ने मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह पर एक पुलिस निरीक्षक द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के आदेश दिए हैं। सूत्रों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि आदेश के मुताबिक, सिंह के खिलाफ आरोपों की जांच महाराष्ट्र के डीजीपी संजय पांडे को सौंपी गई है।

परमबीर सिंह पर पुलिस निरीक्षक अनूप डांगे ने आरोप लगाए थे। डांगे को पिछले वर्ष निलंबित कर दिया गया था लेकिन हाल में बहाल कर दिया गया था। डांगे के दावे के मुताबिक, उनके निलंबन को रद्द करने के बदले सिंह ने उनसे दो करोड़ रुपए की मांग की थी। सिंह की इस मांग के बारे में सूचित करते हुए निरीक्षक ने अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) को पत्र लिखा था।

हालांकि सिंह ने डांगे के आरोपों से साफ इनकार किया है। सूत्रों ने बताया कि शिकायत के आधार पर गृह विभाग ने सिंह के खिलाफ आरोपों की जांच के आदेश दिए हैं। इस मुद्दे पर महाराष्ट्र के डीजीपी की ओर से कोई टिप्पणी प्राप्त नहीं हुई। यह दूसरी बार है जब राज्य सरकार ने सिंह के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं।

इससे पहले, गृह विभाग ने डीजीपी को सिंह के खिलाफ ड्यूटी में लापरवाही के मामले की जांच के आदेश दिए थे। यह उद्योगपति मुकेश अंबानी के मुंबई स्थित आवास के बाहर 25 फरवरी को मिले एक संदिग्ध वाहन से जुड़ा मामला है। उस वाहन में विस्फोटक सामग्री मिली थी। इस मामले को ठीक से नहीं संभाल पाने के कारण सिंह को 17 मार्च को पद से हटा दिया गया था।(भाषा)
अगला लेख
दिल्ली में Corona संक्रमण के 26169 नए मामले, 306 मरीजों की मौत