1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Orange alert for the plains of North Indi

Weather alert : IMD ने उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया

NorthIndia
नई दिल्ली। तापमान में हो रही गिरावट के बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने उत्तरी मैदानी क्षेत्रों के वास्ते अगले 4 दिनों के लिए शीतलहर के पूर्वानुमान के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। तमिलनाडु और पुडुचेरी के लिए भारी वर्षा के पूर्वानुमान के साथ ऐसा ही अलर्ट जारी किया गया है।
 
विभाग ने कहा कि उत्तरी भारत के मैदानी क्षेत्रों में इस दौरान न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है। उसने कहा कि शुष्क उत्तरी/ उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते उत्तर-पश्चिम भारत के ज्यादातर हिस्सों में अगले 4-5 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है जिससे पंजाब, हरियाणा के कुछ हिस्सों- चंडीगढ़ और दिल्ली, उत्‍तरप्रदेश एवं उत्तराखंड में अगले 3 दिनों तक शीतलहर चलने की आशंका है।
विभाग ने कहा कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ हिस्सों में तथा उत्तरप्रदेश, उत्तरी मध्यप्रदेश एवं राजस्थान में छिटपुट स्थानों पर अगले 3 दिन शीतलहर/ तेज शीतलहर चलने की संभावना है। आईएमडी ने कहा कि अगले 4-5 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिमी भारत में छिटपुट स्थानों पर सामान्य से घना कोहरा छाया रह सकता है। विभाग ने 13-16 जनवरी के लिए पंजाब, हरियाणा और उत्तरप्रदेश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उसने 13 जनवरी के लिए राजस्थान के लिए भी अलर्ट जारी किया है।
 
मौसम की तीव्रता के आधार पर विभाग के 4 रंगों के कोड हैं। ऑरेंज अलर्ट मौसम की बहुत ही प्रतिकूल संभावना के लिए तैयार रहने का संकेत होता है। लाल अलर्ट संभावित अत्यधिक प्रतिकूल मौसम से जान-माल के नुकसान की संभावना की चेतावनी होता है। हरा अलर्ट सामान्य मौसम दशा का प्रतीक है और पीला अलर्ट बिगड़ते मौसम पर नजर रखने का संकेत है। कोमोरिन क्षेत्र में चक्रवात के प्रभाव से तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे और लक्षद्वीप में अगले 2-3 दिन वर्षा होने की संभावना है। (भाषा)
अगला लेख
शेयर बाजार लगातार तीसरे दिन नई रिकॉर्ड ऊंचाई पर, आरआईएल व एचडीएफसी बैंक चमके