1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Nitish Kumar inaugrates Bihars first Sports university

750 करोड़ की लागत से बने बिहार खेल विश्वविद्यालय का नीतीश कुमार ने किया उद्घाटन

नीतीश ने राजगीर में राज्य खेल अकादमी और बिहार खेल विश्वविद्यालय का उद्घाटन किया

Nitish Kumar
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर बृहस्पतिवार को नालंदा जिले के राजगीर में राज्य खेल अकादमी (SSA) और बिहार खेल विश्वविद्यालय का उद्घाटन किया।अत्याधुनिक एसएसए 90 एकड़ से अधिक भूमि पर फैला है और इसके निर्माण पर लगभग 750 करोड़ रुपये खर्चा आया है।

राज्य सरकार द्वारा 16 जुलाई 2021 को स्वीकृत बिहार खेल विश्वविद्यालय (BSU) भी इसी परिसर से संचालित होगा।एसएसए में एक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम (ICS) भी शामिल है जो जून 2025 तक बनकर तैयार हो जाएगा।

खेल अकादमी में आउटडोर और इनडोर खेलों सहित 20 से अधिक प्रकार के खेलों का आयोजन किया जा सकता है। इसमें हॉकी टूर्नामेंट और मैचों के लिए बिहार का पहला एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम भी है।

इस कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और राज्य सरकार के अन्य मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी तथा एशियाई हॉकी महासंघ (एएचएफ) के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर खेल के क्षेत्र में राज्य के नौ अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं को सम्मानित किया।
Nitish Kumar
जिन खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया उनमें पेरिस ओलंपियन निशानेबाज और एशियाई खेल 2022 की स्वर्ण पदक विजेता तथा अर्जुन पुरस्कार विजेता श्रेयसी सिंह, एशियाई खेल 2022 में तलवारबाजी में हिस्सा लेने वाले आकाश कुमार, एशियाई खेल 2022 में पाल नौकायन में भाग लेने वाले सुधांशु शेखर, एशियाई खेल 2022 रग्बी में भाग लेनेवाली स्वेता शाही, एशियाई खेल 2022 पैरा तैराकी में भाग लेने वाले मोहम्मद शम्स आलम शेख, सीनियर एशियाई चैम्पियनशिप 2024 लॉन बॉल्स में स्वर्ण पदक विजेता चंदन कुमार सिंह और सीनियर एशियाई चैम्पियनशिप 2024 पैरा साइकिलिंग में भाग लेने वाले मोहम्मद जलालुद्दीन अंसारी शामिल रहे।
द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित कुश्ती प्रशिक्षक शशिभूषण प्रसाद को नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।बिहार खेल विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि प्रदेश का पहला खेल विश्वविद्यालय राजगीर में एसएसए से संचालित होगा। यह खेल प्रबंधन, खेल विज्ञान, खेल पोषण, खेल मनोविज्ञान और खेल चोटों जैसे विभिन्न विषयों में स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम प्रदान करेगा।  (भाषा)
लेखक के बारे में
WD Sports Desk
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम.... और पढ़ें
अगला लेख
सरस्वती जब बुद्धि बांट रही थी तो वे रास्ते में खड़े थे, PM Modi ने मुंबई में किस पर कसा तंज?