Marathi row : बिहार आओ, पटक-पटककर मारेंगे, मराठी भाषा विवाद में BJP सांसद निशिकांत दुबे की राज ठाकरे को धमकी
महाराष्ट्र में मराठी भाषा विवाद पर नेताओं की बयानबाजी भी सामने आ रही है। कुछ दिनों पहले महाराष्ट्र में व्यापारियों से मराठी न बोल पाने के कारण मारपीट की गई थी। इस पर राज ठाकरे ने कहा था कि पीटो लेकिन वीडियो मत बनाओ। राज ठाकरे के इस बयान के बाद भाजपा सांसद निशिकांत दुबे का बयान सामने आया है।
भाजपा के झारखंड के गोड्डा से सांसद निशिकांत दुबे ने एमएनएस चीफ राज ठाकरे को बिहार आने की खुली चुनौती दे डाली। निशिकांत दुबे ने कहा कि अगर राज ठाकरे में इतनी ही हिम्मत है तो वे बिहार आकर दिखाएं। पटक-पटकर मारा जाएगा। राज ठाकरे के वीडियो मत बनाओ वाले बयान पर निशिकांत दुबे ने जवाब देते हुए कहा अगर आप इतने बड़े बॉस हैं, तो महाराष्ट्र से बाहर निकलकर आएं, बिहार, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु में आएं, तुमको पटक पटक के मारेंगे।
निशिकांत दुबे ने कहा कि राज ठाकरे और उनकी पार्टी महाराष्ट्र में हमारे पैसे पर पल रहे हैं, लेकिन उनके क्षेत्र में कोई बड़ी फैक्टरी या उद्योग नहीं है। उन्होंने कहा कि टाटा, बिरला, रिलायंस जैसी बड़ी कंपनियां महाराष्ट्र में यूनिट तक नहीं लगातीं। टाटा ने अपनी पहली फैक्टरी बिहार में बनाई थी।
उन्होंने सवाल उठाया कि राज ठाकरे और उनकी पार्टी ने महाराष्ट्र में कितना टैक्स दिया है और उनकी कौन-सी इंडस्ट्री है। उन्होंने बताया कि भारत के कई राज्यों जैसे झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और ओडिशा में खनिज संसाधन हैं, लेकिन महाराष्ट्र में ऐसी कोई खदानें नहीं हैं।
क्या था पूरा मामला
महाराष्ट्र में व्यापारियों के मराठी न बोल पाने के चलते उनके साथ मारपीट की घटनाएं सामने आई थी। हाल ही में इसका वीडियो भी सामने आया था। विवाद व्यापारियों और MNS कार्यकर्ताओं से आगे निकलकर हिन्दीभाषी और मराठी नेताओं तक पहुंच गया है। Edited by : Sudhir Sharma