1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Nagar Nigam election results 2017 in up

यूपी में भगवा लहर, गुजरात पर भी होगा असर

Chief Minister Yogi Adityanath
लखनऊ। उत्तरप्रदेश नगरीय निकाय चुनाव परिणामों से उत्साहित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि गुजरात विधानसभा चुनाव में जीत का ख्वाब देख रही कांग्रेस यूपी में चित हो गई है।
 
योगी ने कहा कि जनता ने कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दलों को करारा जवाब दे दिया है। अब तो भाजपा 2019 में उत्तर प्रदेश से लोकसभा की सभी 80 सीटों को जीतने का लक्ष्य बनाकर काम करेगी।
 
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेन्द्र पांडेय, दोनों उपमुख्यमंत्रियों केशव मौर्य और डॉ. दिनेश शर्मा के साथ जीत पर जनता का आभार प्रकट किया। कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात में जीत के बारे में सोचने वालों का सूपड़ा ही साफ हो गया। यहां तक कि वे अपने गढ़ अमेठी को भी नहीं बचा पाए। उन्होंने दावा किया कि इसका असर गुजरात के चुनाव पर भी पड़ेगा।
 
उन्होंने कहा कि राज्य के नगरीय निकाय चुनाव परिणाम सभी के आंख खोलने वाले हैं। इन परिणामों ने भाजपा कार्यकर्ताओं को और जिम्मेदारी दे दी है। अब संगठन और सरकार को और जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकास के विजन और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह की कुशल रणनीति की वजह से जनता का व्यापक समर्थन मिला। (वार्ता)
अगला लेख
कमजोर वैश्विक संकेतों, सुस्त मांग से सोना 150 रुपए गिरा