1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Mumbai airport jet plane crash case

मुंबई हवाईअड्डा दुर्घटना : सह-पायलट को दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया, अन्य लोगों की हालत स्थिर

mumbai airport jet plane crash case
Mumbai Airport Plane Crash : मुंबई हवाई अड्डा के रनवे पर उतरते वक्त दुर्घटनाग्रस्त हुए निजी जेट विमान के सह-पायलट नील दीवान को रीढ़ की हड्डी में चोट आई है और उन्हें सर्जरी के लिए दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में भर्ती कराए गए सात अन्य लोगों की हालत स्थिर है और उनकी निगरानी की जा रही है।
 
क्रिटीकेयर एशिया अस्पताल के निदेशक डॉ. दीपक नामजोशी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अंधेरी पूर्व स्थित क्रिटीकेयर एशिया अस्पताल में भर्ती कराए गए सात अन्य लोगों की हालत स्थिर है और उनकी निगरानी की जा रही है।
 
मुंबई हवाई अड्डा पर गुरुवार को भारी बारिश के बीच उतरते वक्त एक निजी जेट विमान फिसल गया था, जिसके बाद विमान में सवार सभी आठ लोगों को चोटें आई थीं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ‘वीएसआर वेंचर्स’ का लियरजेट 45 विमान वीटी-डीबीएल विशाखापत्तनम से आ रहा था और मुंबई हवाई अड्डे पर उतरते समय रनवे पर फिसल गया।
 
नामजोशी ने बताया, 'नील दीवान की रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर और पैराप्लेजिया (ऐसी स्थिति, जिसमें दोनों पैरों में कोई संवेदना महसूस नहीं होती है) है। उन्होंने एक ऐसे चिकित्सक से इलाज की इच्छा जताई थी, जिसे वह जानते थे, इसलिए उन्हें गुरुवार रात को कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
 
उन्होंने बताया कि विमान के कैप्टन सुनील कंजारभाट (46) को भी कई जगहों पर चोटें आई हैं। नामजोशी ने बताया कि यात्री ध्रुव कोटक (40) के दाएं हाथ पर चोट आई है और उनके सिर पर खरोंच है तथा उनकी हालत स्थिर है। उन्होंने बताया कि ध्रुव के हाथ की मांसपेशियों में चोट की आशंका है।
 
नामजोशी के मुताबिक, विमान में सवार डेनमार्क के नागरिक लार्स हेनरिक ओस्टरगार्ड सोरेनसेन (58) की पसलियों में फ्रैक्चर है और उन्हें चिकित्सकों की देखरेख में रखा गया है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है।
Edited By : Chetan Gour (भाषा)
अगला लेख
परिवर्तन यात्रा का उद्देश्य कांग्रेस को सत्ता से उखाड़ फेंकना है : जेपी नड्डा