Tue, 21 Jul 2026

Notifications

  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. molestation with actress in kolkata

बड़ी खबर! शूटिंग खत्म कर लौट रही अभिनेत्री से छेड़छाड़

kolkata
कोलकाता। कोलकाता में मंगलवार आधी रात के बाद अपनी शूटिंग खत्म कर घर लौट रही टॉलीवुड की एक अभिनेत्री के साथ छेड़छाड़ हुई और इस संबंध में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार भी किया गया है।
 
पुलिस ने बताया कि अभिनेत्री ने पुलिस में की गई अपनी शिकायत में कहा कि शराब के नशे में धुत्त तीन लोगों ने देर रात करीब एक बजे सिरिती चौराहा के निकट उनकी कार तब रोकी जब कार के सड़क किनारे खड़े एक व्यक्ति के बगल से निकली थी।
 
बेहाला पुलिस थाना के एक अधिकारी ने बताया कि अभिनेत्री ने अपनी शिकायत में कहा कि शराबियों ने उनकी कार की चाबियां छीन लीं, उन्हें खींचकर बाहर निकाला और गलत तरीके से छुआ।
 
घटना टॉलीगंज के निकट उस वक्त हुई जब अभिनेत्री शहर के दक्षिण पश्चिम हिस्से में बेहाला स्थित अपने घर लौट रही थीं। अभिनेत्री ने अपनी शिकायत बेहाला पुलिस थाना में ही दर्ज कराई है।
 
डीसी (बेहाला) मीराज खालिद ने कहा, 'हमने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और तीसरे आरोपी की तलाश कर रहे हैं।' उन्होंने कहा कि दोनों को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
 
डीसी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धाराओं 341 (गलत इरादे से रोकने के लिए सजा), 354 (महिला की गरिमा भंग करने की मंशा से उस पर हमला या आपराधिक दबाव), 506 (आपराधिक धमकी के लिए सजा) के तहत मामला दर्ज किया गया है। (भाषा)