• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Manipur Chief Minister Biren Singh resigns
Written By
Last Updated : रविवार, 9 फ़रवरी 2025 (19:26 IST)

मणिपुर के CM एन बीरेन सिंह ने इस्तीफा दिया, गृह मंत्री शाह से मुलाकात के बाद फैसला

N Biren Singh
मणिपुर के मुख्‍यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने पद से इस्तीफा दे दिया है। मणिपुर में हो रही हिंसा के बाद विपक्ष उन पर लगातार हमलावर था। आज ही बीरेन सिंह गृह मंत्री अमित शाह से मिली थी। मई 2023 में मणिपुर में जातीय हिंसा भड़कने के बाद से 250 से अधिक लोग मारे गए हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं। 

इससे पहले मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने शनिवार को कहा था कि पूर्वोत्तर के हिंसा प्रभावित राज्य में सरकार शांति बहाल करने के सभी प्रयास कर रही है। सरकार यह सुनिश्चित कर रही कि लोग पहले की तरह एक साथ मिलजुल कर रहें। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘राज्य सरकार शांति बहाल करने और लोगों के पहले की तरह शांतिपूर्ण तरीके से साथ रहने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।’


राज्यपाल को सौंपा इस्तीफा : मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने रविवार को राजभवन में राज्यपाल अजय कुमार भल्ला को अपना इस्तीफा सौंप दिया। सिंह के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और एनपीएफ के 14 विधायक भी थे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ए शारदा और भाजपा के वरिष्ठ नेता संबित पात्रा भी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा थे। राज्यपाल से मुलाकात के बाद सिंह मुख्यमंत्री सचिवालय गए। यह घटनाक्रम उनके दिल्ली से लौटने के कुछ ही घंटों बाद हुआ है।
 
क्या लिखा पत्र में : सिंह ने राज्यपाल को लिखे अपने पत्र में कहा कि अब तक मणिपुर के लोगों की सेवा करना मेरे लिए सम्मान की बात रही है। मैं प्रत्येक मणिपुरी के हितों की रक्षा के लिए समय पर की गई कार्रवाई, हस्तक्षेप, विकास कार्यों और विभिन्न परियोजनाओं के कार्यान्वयन के लिए केंद्र सरकार का बहुत आभारी हूं।
 
सिंह ने 10 फरवरी से शुरू हो रहे विधानसभा के आगामी सत्र के सिलसिले में मुख्यमंत्री सचिवालय में भाजपा नीत सत्तारूढ़ गठबंधन के विधायकों के साथ शनिवार को बैठक की थी। यह बैठक विपक्षी दल कांग्रेस द्वारा सिंह के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग के मद्देनजर आयोजित की गई थी।