गुरुवार, 17 अप्रैल 2025
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. बिहार में सूर्योपासना का महापर्व छठ समाप्त, नीतीश कुमार ने निवास पर सूर्य को अर्घ्य दिया
Written By
Last Updated : शनिवार, 21 नवंबर 2020 (12:56 IST)

बिहार में सूर्योपासना का महापर्व छठ समाप्त, नीतीश ने अपने निवास पर दिया सूर्य को अर्घ्य

Mahaparva Chhath
पटना। बिहार में शनिवार को उदयीमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही सूर्योपासना का महापर्व छठ समाप्त हो गया।

राजधानी पटना में शनिवार को गंगा नदी के अलावा राज्य के अन्य हिस्सों में लाखों महिला और पुरुष व्रतधारियों ने उगते हुए सूर्य को नदियों और तालाबों में खड़े होकर अर्घ्य अर्पित किया।

बिहार के राज्यपाल फागू चौहान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव समेत कई मंत्रियों एवं नेताओं ने लोगों को छठ की शुभकामनाएं दी हैं।
 
इस अवसर पर मुख्यमंत्री कुमार ने लोक आस्था के महापर्व छठ के अंतिम दिन शनिवार को अहले सुबह अपने आवास 1, अणे मार्ग में उदयीमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया तथा ईश्वर से राज्य एवं देशवासियों की सुख, शांति एवं समृद्धि के लिए प्रार्थना की। 
 
दूसरा अर्घ्य अर्पित करने के बाद श्रद्धालुओं का 36 घंटे का निराहार व्रत समाप्त हुआ और उसके बाद ही व्रतधारियों ने अन्न ग्रहण किया। 4 दिवसीय इस महापर्व के तीसरे दिन शुक्रवार को व्रतधारियों ने नदियों और तालाबों में अस्ताचलगामी सूर्य को प्रथम अर्घ्य अर्पित किया था। (वार्ता)