• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. JDU MP Virendra Kumar, Resignation, Rajya Sabha
Written By
Last Modified: बुधवार, 20 दिसंबर 2017 (17:16 IST)

जदयू सांसद वीरेन्द्र कुमार का इस्तीफा

जदयू सांसद वीरेन्द्र कुमार का इस्तीफा - JDU MP Virendra Kumar, Resignation, Rajya Sabha
नई दिल्ली। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के सांसद एमपी वीरेन्द्र कुमार ने मंगलवार को कहा कि उन्होंने राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। वे अप्रैल 2016 में राज्यसभा सदस्य बने थे और उनका कार्यकाल अप्रैल 2022 तक था।
 
कुमार ने जदयू अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा भाजपानीत राजग के साथ गठबंधन करने के मुद्दे पर वैचारिक मतभेद को अपने इस्तीफे की मुख्य वजह बताई है। उन्होंने मंगलवार को यहां बताया कि वे राज्यसभा के सभापति एम. वैंकेया नायडू को अपना त्यागपत्र भेज चुके हैं।
 
कुमार ने कहा कि कानूनी तौर पर वे नीतीश कुमार की पार्टी के सदस्य के रूप में उच्च सदन के सदस्य हैं। वे महागठबंधन तोड़कर भाजपा की अगुवाई वाले राजग से गठबंधन करने के नीतीश कुमार के फैसले से सहमत नहीं हैं इसलिए उन्होंने अपनी संसद सदस्यता से त्यागपत्र देने का फैसला किया है।
 
उल्लेखनीय है कि बिहार में जदयू, राजद और कांग्रेस के चुनाव पूर्व महागठबंधन से नीतीश कुमार द्वारा जदयू को अलग करने के विरोध में पार्टी के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव की अगुवाई में कुमार सहित अन्य नेताओं ने बागी रुख अख्तियार कर लिया था। इनमें यादव और जदयू के एक अन्य सांसद अली अनवर अंसारी को पार्टी विरोधी गतिविधियों का दोषी मानते हुए नायडू पहले ही संसद सदस्यता के अयोग्य घोषित कर चुके हैं।
 
नीतीश कुमार की अगुवाई वाले गुट ने वीरेन्द्र कुमार को जदयू की केरल इकाई के अध्यक्ष पद से पहले ही हटा दिया था। चुनाव आयोग ने भी जदयू के चुनाव चिन्ह पर शरद गुट के दावे को खारिज कर नीतीश कुमार की अगुवाई वाले गुट को ही वास्तविक जदयू बताया है।
 
हाल ही में हुए गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत पर वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जीत नहीं है और इस जीत की वजह कुछ और है। कुमार उच्च सदन में केरल का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। वे अप्रैल 2016 में राज्यसभा सदस्य बने थे और उनका कार्यकाल अप्रैल 2022 तक था। (भाषा)
ये भी पढ़ें
शिवसेना का गुजरात चुनाव में ईवीएम से छेड़छाड़ का इशारा