शुक्रवार, 6 सितम्बर 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Horrible accident on highway in Hathras, 15 people died, 13 injured
Last Updated : शुक्रवार, 6 सितम्बर 2024 (23:24 IST)

हाथरस में हाईवे पर भीषण दुर्घटना, 15 लोगों की मौत, 13 घायल

हाथरस में हाईवे पर भीषण दुर्घटना, 15 लोगों की मौत, 13 घायल - Horrible accident on highway in Hathras, 15 people died, 13 injured
Major accident on Hathras highway 15 people died:  उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के चंदपा कोतवाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार की शाम एक वैन को पीछे से एक बस ने टक्कर मार दी जिससे इस घटना में कम से कम 4 बच्चे और 4 महिलाओं समेत 15 लोगों की मौत हो गई जबकि 13 अन्य घायल हो गए। 
 
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथरस जिले में हुए सड़क हादसे का संज्ञान लिया है और मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के समुचित उपचार के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया है।
 
ओवरटेक करने की कोशिश में हादसा : हाथरस के पुलिस अधीक्षक (एसपी) निपुण अग्रवाल ने बताया कि शुक्रवार की शाम यह दुर्घटना उस समय चंदपा कोतवाली क्षेत्र के कुंवरपुर गांव के पास हुई, जब आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर ओवरटेक करने की कोशिश में बस वैन से टकरा गई। घटनास्थल जिला मुख्यालय से 10 किलोमीटर दूर है।

 पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान इरशाद (25), मुन्ने खान (55), मुस्कान (16), टल्ली (28), तबस्सुम (28), नजमा (25), भोला (25), खुशबू (25), जमील (50), छोटे (25), अयान (दो), सुफियान (एक), अल्फाज (छह), शोएब (पांच) और इशरत (50) के रूप में हुई है।
 
कलेक्टर, एसपी मौके पर : घटना की सूचना पर इलाका पुलिस के साथ जिलाधिकारी आशीष कुमार और पुलिस अधीक्षक निपुण अग्रवाल मौके पर पहुंच गए। एसपी ने बताया कि मामले में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है और चालक की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने बताया कि मृतकों की शिनाख्त की जा रही है।
 
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथरस जिले में हुए सड़क हादसे का संज्ञान लिया है और मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री योगी ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं, इसके साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।

मुआवजे का ऐलान : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथरस जिले में सड़क दुर्घटना में मृतकों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपए और गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। 
 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मृतकों के प्रति शोक व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन राज्य सरकार की निगरानी में पीड़ितों को हर संभव मदद मुहैया करा रहा है। मोदी ने प्रत्येक मृतक के परिवार को दो-दो लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
 
राष्ट्रपति ने शोक व्यक्त किया : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी दुर्घटना में हुई मौतों पर शोक व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। मुर्मू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में सड़क दुर्घटना में कई लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं। (एजेंसी/वेबदुनिया)
Edited by: Vrijendra Singh Jhala