1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Gurnam Singh Chaduni formed a political party

Punjab Election: किसान नेता चढ़ूनी ने बनाई राजनीतिक पार्टी, विधानसभा चुनाव लड़ेगी

Gurnam Singh Chadhuni
चंडीगढ़। किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने शनिवार को अपनी राजनीतिक पार्टी 'संयुक्त संघर्ष पार्टी' बनाई और कहा कि यह अगले साल पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ेगी। चढ़ूनी संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) के सदस्य हैं, जो 40 किसान संगठनों से मिलकर बना है। एसकेएम ने केंद्र के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ 1 साल तक चले किसानों के आंदोलन का नेतृत्व किया। बाद में इन कानूनों को निरस्त कर दिया गया। चढ़ूनी ने यहां मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि हम संयुक्त संघर्ष पार्टी बना रहे हैं।

 
उन्होंने कहा कि पार्टी अगले साल की शुरुआत में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ेगी तथा हमारा उद्देश्य राजनीति में शुचिता तथा अच्छे लोगों को आगे लाना होगा। वे हरियाणा भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष भी हैं। राजनीतिक नेताओं की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि वे गरीबों के हितों को नजरअंदाज करते हुए पूंजीपतियों के पक्ष में नीतियां बनाते हैं। संयुक्त संघर्ष पार्टी धर्मनिरपेक्ष होगी और यह समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए काम करेगी।
 
एक सवाल के जवाब में चढ़ूनी ने कहा कि वे पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। एक अन्य सवाल पर उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी राज्य में सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की कोशिश करेगी। मिशन पंजाब के समर्थक चढ़ूनी राज्य के किसान संगठनों से आगामी चुनाव लड़ने के लिए कहते रहे हैं।
अगला लेख
परमाणु सक्षम बैलिस्टिक मिसाइल 'अग्नि पी' का सफल परीक्षण