गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Gujarat Election Results Show People's 'Unwavering Faith', Says PM Modi
Written By
Last Updated : मंगलवार, 23 फ़रवरी 2021 (21:18 IST)

गुजरात निकाय चुनाव परिणामों पर बोले PM मोदी- धन्यवाद गुजरात, विकास की राजनीति पर भरोसा दिखाया

गुजरात निकाय चुनाव परिणामों पर बोले PM मोदी- धन्यवाद गुजरात, विकास की राजनीति पर भरोसा दिखाया - Gujarat Election Results Show People's 'Unwavering Faith', Says PM Modi
नई दिल्ली। गुजरात में 6 नगर निगमों में भाजपा के सत्ता बनाए रखने के बीच मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस जीत को ‘अतिविशेष’ करार दिया और कहा कि 2 दशकों से अधिक समय से राज्य की सेवा करने वाली पार्टी के लिए ऐसी जीत हासिल करना उल्लेखनीय है। मोदी ने कहा कि नगर निगमों के चुनाव परिणाम विकास एवं सुशासन की राजनीति में लोगों के अटूट विश्वास को प्रदर्शित करते हैं।
 
गौरतलब है कि भाजपा गुजरात में 6 नगर निगमों के लिए हुए चुनाव की मतगणना में 474 में से 409 सीटों पर जीत हासिल कर मंगलवार को इन नगर निकायों में अपनी सत्ता बरकरार रखती नजर आ रही है।
 
मोदी ने अपने ट्वीट में कहा कि धन्यवाद गुजरात। राज्यभर में नगर निगम के चुनाव परिणाम विकास एवं सुशासन की राजनीति में लोगों के अटूट विश्वास को प्रदर्शित करते हैं।
 
उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रति एक बार फिर विश्वास प्रदर्शित करने के लिए राज्य के लोगों का आभारी हूं। गुजरात की सेवा करना हमेशा सम्मान की बात रही। उन्होंने गुजरात प्रदेश भाजपा के कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना की जो लोगों तक पहुंचे और राज्य के लिये पार्टी की सोच के बारे उन्हें बताया।
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि गुजरात सरकार की लोकोन्मुखी नीतियों ने सम्पूर्ण राज्य पर सकारात्मक प्रभाव डाला। मोदी ने कहा कि पूरे गुजरात में आज की जीत अति विशेष है। दो दशकों से अधिक समय से राज्य की सेवा करने वाली पार्टी के लिये ऐसी जीत हासिल करना उल्लेखनीय है।
 
उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों के लोगों खास तौर पर गुजरात के युवाओं का समर्थन प्रसन्नता देने वाला है। राज्य के 6  नगर निगमों के लिए 576 सीटों के लिये मतदान 21 फरवरी को हुआ था। (भाषा) 
ये भी पढ़ें
रिलायंस अपने तेल से रसायन व्यवसाय को अलग इकाई के तहत लाएगी