1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Former Union Minister Shriprakash Jaiswal passes away
Last Modified: कानपुर (उप्र) , शुक्रवार, 28 नवंबर 2025 (22:41 IST)

कानपुर ने खो दिया अपना सादगी भरा नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल नहीं रहे

Former Union Minister Shriprakash Jaiswal passes away
Former Union Minister Shriprakash Jaiswal : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल का शुक्रवार शाम को निधन हो गया। लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे जायसवाल की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें किदवई नगर स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें कॉर्डियोलॉजी विभाग रैफर किया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता और ग्रामीण अध्यक्ष संदीप शुक्ला ने उनके निधन की पुष्टि की।

75 वर्षीय श्रीप्रकाश जायसवाल का राजनीतिक सफर कानपुर से शुरू हुआ था। वह 1999, 2004 और 2009 में लगातार तीन बार कानपुर लोकसभा सीट से सांसद चुने गए।उनकी सहज छवि, संगठनात्मक पकड़ और स्थानीय मुद्दों पर प्रभावी कार्यशैली ने उन्हें शहर की राजनीति में मजबूत पहचान दिलाई।

यूपीए सरकार में उन्हें 2011 से 2014 तक कोयला मंत्रालय का जिम्मा सौंपा गया। इस दौरान उन्होंने ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर काम किया। उनके निधन की खबर मिलते ही कानपुर सहित प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें एक जुझारू, अनुभवी और मिलनसार नेता बताया। उनके समर्थकों का कहना है कि जायसवाल हमेशा शहर के विकास, उद्योगों के पुनर्जीवन और श्रमिक हितों की आवाज उठाते रहे।श्रीप्रकाश जायसवाल के निधन से शहर में गहरा शोक व्याप्त है। कांग्रेस कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और आम नागरिक उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री, वरिष्ठ राजनेता श्री श्रीप्रकाश जायसवाल जी का निधन अत्यंत दुःखद है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!
Edited By : Chetan Gour
ये भी पढ़ें
क्या 'त्याग' करेंगे मुख्‍यमंत्री सिद्धारमैया, डीके को ब्रेकफास्ट पर बुलाया