1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. elephant kills human in rajaji tiger reserve

गुस्सैल हाथी की चपेट में आया युवक, पटक-पटककर मौत के घाट उतारा

elephant
ऋषिकेश। राजाजी टाइगर रिजर्व की गोहरी रेंज में एक गुस्सैल हाथी ने एक युवक को पटक-पटक कर मौत के घाट उतार दिया। लक्ष्मण झूला के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद उनियाल ने बताया कि हादसा गोहरी रेंज से गुजरने वाली ऋषिकेश-नीलकंठ सड़क पर रविवार देर रात हुआ।
 
मनीष डोबरियाल (28) फूलचट्टी में पटना वाटर फॉल के पास मोटरसाइकल से अपने एक साथी के साथ गुजरते समय वहां खड़े जंगली हाथी की चपेट में आ गया। हाथी ने उसे पटक-पटक कर मार दिया जबकि उसके साथी शुभम डोभाल ने भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई और पुलिस को घटना की सूचना दी।
 
उनियाल ने बताया कि वारदात के बाद भी गुस्सैल हाथी घटनास्थल के नजदीक ही बना रहा। सुबह उसके जाने के बाद मृतक के शव को उठाया जा सका। मूल रूप से पौड़ी जिले के सतपुली क्षेत्र में कुल्हार गांव का रहने वाला मृतक वर्तमान में ऋषिकेश के गीता नगर क्षेत्र में रहता था और नीलकण्ठ मार्ग स्थित गरूड़ चट्टी के एक रिजॉर्ट में नौकरी करता था।
 
इस घटना ने सावन के महीने में नीलकंठ मंदिर आने—जाने वाले श्रद्धालुओं पर हाथियों के हमले की घटनाएं होने का अंदेशा बढ़ा दिया है। चार महीने पहले मार्च में भी सुबह रत्तापानी क्षेत्र में एक गुस्सैल हाथी ने एक व्यक्ति को गाड़ी से खींचकर कर अपने पांव तले कुचल दिया था। (भाषा) (फाइल फोटो)
अगला लेख
Pegasus spyware : PM मोदी से मुलाकात के बाद ममता ने पेगासस जासूसी मामले पर दिया बड़ा बयान