1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Cyber gang busted in Palghar

पालघर में साइबर अपराध गिरोह का पर्दाफाश, पुलिस ने 2 लोगों को किया गिरफ्तार

Cyber ​​crime gang busted in Palghar
Cyber ​​crime News : नवी मुंबई पुलिस ने पालघर जिले में एक दुकान से साइबर अपराध गिरोह संचालित करने वाले 2 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरोह के इन दोनों लोगों ने राजस्थान तथा उत्तर प्रदेश से युवाओं को भर्ती किया था और ‘रेंट एग्रीमेंट’ जैसे फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल करके उनके नाम पर कई बैंक खाते खोले थे।
 
एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। न्हावा शेवा पुलिस ने हाल ही में एक मामला दर्ज किया है, जिसमें एक व्यक्ति ने पुलिस से संपर्क कर दावा किया है कि डेटिंग ऐप पर उसका एक महिला से संपर्क हुआ, जिसने निवेश पर आकर्षक 'रिटर्न' का वादा कर उससे 10 लाख रुपए से अधिक की ठगी कर ली।
नवी मुंबई पुलिस के साक्ष्य प्रबंधन केंद्र की वरिष्ठ निरीक्षक दीपाली पाटिल ने बताया कि जिन बैंक खातों में धनराशि स्थानांतरित की गई थी, उनका पता लगाते हुए पुलिस पालघर जिले में वसई रेलवे स्टेशन के पास एक दुकान पर पहुंची। अधिकारी ने बताया कि योगेश जैन और हिमांशु जैन नामक दो लोगों ने दुकान किराए पर ले रखी थी, जिसमें नौ युवक काम कर रहे थे।
 
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने दोनों के पास से 50 से अधिक डेबिट कार्ड, 18 मोबाइल फोन, 17 चेकबुक, 15 सिम कार्ड, आठ आधार कार्ड तथा कई अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि योगेश और हिमांशु ने राजस्थान तथा उत्तर प्रदेश से युवाओं को भर्ती किया था और ‘रेंट एग्रीमेंट’ जैसे फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल करके उनके नाम पर कई बैंक खाते खोले थे।
अधिकारी ने बताया कि दोनों ने युवाओं का इस्तेमाल साइबर अपराध करने के लिए किया। अधिकारी ने बताया कि योगेश और हिमांशु को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मामले की जांच जारी है। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
आदिवासी महिला के स्नेह से अभिभूत हुए PM मोदी, बोले- नारी शक्ति का आशीर्वाद प्रेरणा देता है...