1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. CM Nitish Kumar's son Nishant is 5 times richer than him

CM नीतीश कुमार के पुत्र निशांत उनसे 5 गुना ज्यादा अमीर, जानिए कितनी है संपत्ति...

Chief Minister Nitish Kumar
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास 75.36 लाख रुपए की चल-अचल संपत्ति है, जबकि उनके बेटे निशांत उनसे करीब 5 गुना ज्यादा अमीर हैं।

मुख्यमंत्री कुमार और उनके कैबिनेट सहयोगियों द्वारा बिहार सरकार की वेबसाइट पर 31 दिसंबर को डाले गए संपत्ति के विवरण के अनुसार, कुमार के पास 29,385 रुपए नकद और बैंक में लगभग 42,763 रुपए जमा हैं, जबकि उनके बेटे निशांत के पास 16,549 रुपए नकद और 1.28 करोड़ रुपए सावधि जमा (एफडी) या विभिन्न बैंकों में जमा हैं।

कुमार के पास 16.51 लाख रुपए की चल संपत्ति है, जबकि उनकी अचल संपत्ति का कुल मूल्य लगभग 58.85 लाख रुपए है। उनके बेटे के पास 1.63 करोड़ रुपए की चल संपत्ति और उनकी अचल संपत्ति की कीमत करीब 1.98 करोड़ रुपए है।

मुख्यमंत्री के पास नई दिल्ली के द्वारका में एक सहकारी हाउसिंग सोसाइटी में एक आवासीय फ्लैट है, जबकि उनके बेटे के पास कल्याण बीघा और हकीकतपुर (दोनों नालंदा जिले में) और पटना के कंकड़बाग में आवासीय मकान और कृषि भूमि है।

घोषणा के अनुसार, निशांत के पास उनके पैतृक गांव कल्याण बीघा में कृषि भूमि है। गांव में उनकी गैर कृषि भूमि भी है। मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की है कि उनके पास 1.45 लाख रुपए कीमत की 13 गाय और 9 बछड़े हैं।

नीतीश कुमार सरकार ने पूर्व में सभी कैबिनेट मंत्रियों के लिए हर कैलेंडर वर्ष के आखिरी दिन अपनी संपत्ति और देनदारियों का खुलासा करना अनिवार्य कर दिया था। दोनों उपमुख्यमंत्रियों (तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी) ने भी अपनी संपत्ति और देनदारियों का विवरण घोषित किया है।

दिलचस्प बात यह है कि कुमार के कैबिनेट सहयोगी भी मुख्यमंत्री से ज्यादा अमीर हैं। विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के संस्थापक मुकेश सहनी, उनके मंत्रिमंडल के सबसे अमीर मंत्रियों की सूची में आते हैं।

वीआईपी बिहार में राजग सरकार का हिस्सा है। पशुपालन और मत्स्य पालन मंत्री मुकेश सहनी के पास बैंकों में 23 लाख रुपए जमा हैं। उनके पास मुंबई में सात करोड़ रुपए से अधिक की तीन संपत्तियां हैं। उनके और उनकी पत्नी के पास एक-एक फ्लैट भी है।(भाषा)
अगला लेख
UP Election 2022: मुख्‍यमंत्री योगी आदित्यनाथ लड़ेंगे विधानसभा चुनाव