1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. CM Narayansamy rides 2 wheeler without helmet

CM नारायणसामी ने बिना हेलमेट चलाया टू व्हीलर, उपराज्यपाल किरण बेदी से हुई तकरार

CM Narayansamy
पुडुचेरी। पुडुचेरी की उपराज्यपाल किरण बेदी और मुख्यमंत्री वी नारायणसामी के बीच रविवार को हेलमेट नियमों को लेकर बहस हो गई और दोनों ने एक-दूसरे पर इसके उल्लंघन के आरोप लगाए। बेदी और नारायणसामी के बीच पहले भी कई मुद्दों पर टकराव होता रहा है।
 
किरण बेदी ने एक व्हाट्सअप मैसेज में नारायणसामी और सत्तारूढ़ कांग्रेस के अन्य पदाधिकारियों पर कामराज नगर विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रचार के अंतिम दिन शनिवार को मोटरबाइक रैली के दौरान हेलमेट नहीं पहनकर मोटर वाहन कानून के उल्लंघन का आरोप लगाया।
 
पूर्व आईपीएस अधिकारी बेदी ने कहा कि उन्होंने पुडुचेरी के पुलिस महानिदेशक बालाजी श्रीवास्तव से मोटर वाहन कानून तथा मद्रास उच्च न्यायालय एवं उच्चतम न्यायालय के निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने को कहा है।
 
बेदी के आरोप के बाद मुख्यमंत्री ने एक ट्वीट में 19 अगस्त 2017 की रात की बेदी की एक तस्वीर पोस्ट की जिसमें वह हेलमेट पहने बिना एक स्कूटर पर पीछे बैठी हुई थीं। उस समय बेदी केंद्रशासित प्रदेश में रात के समय महिलाओं की सुरक्षा और सड़क की स्थिति जानने के लिए निकली थीं। मुख्यमंत्री ने बेदी को उपदेश देने से पहले खुद नियमों का पालन करने की नसीहत दी। 
अगला लेख
10 गेंद में 5 छक्के मारकर छा गए उमेश यादव, बना दिए 4 जबरदस्त रिकॉर्ड