1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. cm joseph vijay first tamilnadu cabinet meeting

पहली ही कैबिनेट बैठक में CM विजय की भ्रष्टाचार पर सर्जिकल स्ट्राइक, जानिए क्या लिया बड़ा फैसला

CM Joseph Vijay
तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) सरकार के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की अगुवाई में शुक्रवार को सचिवालय में पहली कैबिनेट बैठक आयोजित की गई। करीब एक घंटे से अधिक चली इस बैठक में विभिन्न विभागों में नई योजनाओं को लागू करने की रणनीति पर चर्चा हुई।
 तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने अपनी पहली कैबिनेट बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं।  ऊर्जा संसाधन एवं कानून मंत्री सीटीआर निर्मल कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री विजय ने सभी विभागों के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित किए हैं और कुल 436 नई परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इन योजनाओं के जरिए राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को तेज किया जाएगा।  
 
मुख्यमंत्री को जानकारी मिली थी कि सरकारी खजाने में हेरफेर किया जा रहा था। इसके बाद उन्होंने तमिलनाडु राज्य विपणन निगम (TASMAC) द्वारा शराब बिक्री से जुड़ी कथित गड़बड़ियों, अनौपचारिक वसूली और 'पार्टी फंड'  के तौर-तरीकों पर कड़ी कार्रवाई शुरू की है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे यह सुनिश्चित करें कि शराब की बिक्री से होने वाली हर पाई राज्य के खजाने में जमा हो। साथ ही TASMAC के थोक और खुदरा नेटवर्क में लंबे समय से चल रहे अनौपचारिक नकद वसूली सिस्टम को तुरंत खत्म करने का निर्देश दिया।
 

महिलाओं और मछुआरा समुदाय पर रहेगा फोकस

 
कैबिनेट बैठक में जिन प्रमुख मुद्दों पर चर्चा हुई, उनमें युवाओं को सशक्त बनाना, महिलाओं का कल्याण, मछुआरा समुदाय का विकास और तमिलनाडु को नशामुक्त बनाना शामिल है।
 
मंत्री निर्मल कुमार ने कहा, "मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व में हुई पहली कैबिनेट बैठक में करीब 436 परियोजनाओं को पेश किया गया। प्रत्येक विभाग को निश्चित लक्ष्य दिए गए हैं और अब संबंधित मंत्री अपने अधिकारियों के साथ विस्तृत कार्ययोजना तैयार करेंगे, ताकि इन योजनाओं को जल्द से जल्द जमीन पर उतारा जा सके।"
 

नशामुक्त तमिलनाडु बनाने का लक्ष्य

सरकार ने राज्य में नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलाने का फैसला किया है। मंत्री ने बताया कि अब तक राज्य संचालित 717 शराब की दुकानों को बंद किया जा चुका है।
 
उन्होंने कहा, "हमारा अंतिम लक्ष्य तमिलनाडु को पूरी तरह नशामुक्त बनाना है। पिछले पांच वर्षों में गांजा से लेकर मेथामफेटामाइन जैसे सिंथेटिक ड्रग्स का नेटवर्क तेजी से फैला था। मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग को इस खतरे को पूरी तरह खत्म करने के सख्त निर्देश दिए हैं।"
 

गुटखा बेचने वालों पर भी कार्रवाई

 
मंत्री ने बताया कि प्रतिबंधित गुटखा बेचने वाली दुकानों को सील किया जा रहा है। केवल मदुरै में ही एक सप्ताह के भीतर 24 से अधिक दुकानों को सील किया गया है। इसके अलावा सिंथेटिक ड्रग्स की तस्करी और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ गुंडा एक्ट (Goondas Act) के तहत कार्रवाई की जा रही है। सरकार का कहना है कि नई योजनाओं और सख्त कानून व्यवस्था के जरिए तमिलनाडु में विकास और सामाजिक सुधार दोनों को प्राथमिकता दी जाएगी। Edited by : Sudhir Sharma
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
वैश्विक संकट के बीच PM मोदी की बड़ी बैठक, आर्थिक रफ्तार बढ़ाने और Ease of Living पर हुआ मंथन