हिमाचल में बादल फटने से तबाही, पलचान में आई बाढ़
Himachal cloud burst : हिमाचल के कुल्लू जिले में बादल फटने से अचानक आई बाढ़ के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-तीन के एक हिस्से को वाहनों के आवागमन के लिए बंद कर दिया गया। मनाली क्षेत्र में अंजनी महादेव नाले में बादल फटने के कारण एनएच-3 पर धुंडी और पलचान पुल के बीच का हिस्सा प्रभावित हुआ है।
बादल फटने से आई बाढ़ से पलचान में एक मकान भी ढह गया। बादल फटने से एक बिजली परियोजना और कुछ घरों को नुकसान पहुंचने की खबरें हैं। देर रात हुई तेज बारिश के बाद कई लोगों ने घरों से भागकर सुरक्षित स्थानों पर शरण ली।
लाहौल और स्पीति पुलिस ने गुरुवार को एक परामर्श जारी कर कहा कि अटल टनल के उत्तरी द्वार से लाहौल और स्पीति से मनाली जाने वाले वाहनों को रोहतांग की ओर मोड़ दिया गया है। यात्रियों से यह भी कहा कि वे केवल आवश्यक होने पर ही यात्रा करें, सावधानी से वाहन चलाएं तथा मार्ग में संभावित खतरे के प्रति सचेत रहें।A flash flood hit the iconic bridge in Palchan at around 2 am on July 25. The whole bridge and the Manali-Atal Tunnel road is filled with rocks and boulders. #flood #palchan #manali #himachalpradesh #cloudburst pic.twitter.com/MthzBRs9i1
— Siraj Noorani (@sirajnoorani) July 25, 2024
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने बताया कि बुधवार रात में राज्य में कुल 15 सड़कें यातायात के लिए बंद कर दी गईं, जिनमें मंडी में 12, किन्नौर में दो और कांगड़ा जिले की एक सड़क शामिल है।
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में 28 जुलाई तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का 'येलो' अलर्ट जारी किया है। राज्य में वर्षाजनित घटनाओं में कुल 49 लोगों की मौत हुई है।
Edited by : Nrapendra Gupta
