योगी सरकार का बड़ा फैसला, प्रदेश में शिक्षा व रोजगार को मिलेगी नई उड़ान
- उच्च शिक्षा संस्थानों में शिक्षकों की कमी होगी दूर, प्रदेश के युवाओं को मिलेगा अवसर
- गुरु जम्भेश्वर व मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय में 518 शैक्षिक पदों का सृजन
- स्थानीय स्तर पर शिक्षण एवं शोध से जुड़े रोजगार के अवसरों का होगा विस्तार
Uttar Pradesh News : उत्तर प्रदेश सरकार ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ा कदम उठाते हुए गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय, मुरादाबाद एवं मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय, बलरामपुर में कुल 518 अस्थाई शैक्षिक पदों के सृजन को स्वीकृति प्रदान की है। गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय, मुरादाबाद में प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के कुल 273 पद तो वहीं मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय, बलरामपुर में प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के कुल 245 पद सृजित किए गए हैं।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर
उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि किसी भी विश्वविद्यालय या महाविद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता में कमी न रहे। इन पदों के सृजन से विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय शिक्षा और शोध के अवसर मिलेंगे।
स्थानीय युवाओं को मिलेगा लाभ
मंत्री ने कहा कि इन नियुक्तियों से न केवल शिक्षकों की कमी पूरी होगी बल्कि स्थानीय स्तर पर युवाओं को रोजगार और शोध के अवसर भी मिलेंगे। सभी नियुक्तियां शासन द्वारा निर्धारित प्रक्रिया व आरक्षण नियमों का पालन करते हुए की जाएंगी।
पदों का विवरण
गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय, मुरादाबाद में प्रोफेसर- 39, एसोसिएट प्रोफेसर- 78, असिस्टेंट प्रोफेसर-156, कुल- 273 पद, जबकि मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय, बलरामपुर में प्रोफेसर 35, एसोसिएट प्रोफेसर-70, असिस्टेंट प्रोफेसर- 140, कुल- 245 पद रिक्त हैं।
Edited By : Chetan Gour
Edited By : Chetan Gour

