1. चुनाव 2022
  2. दिल्ली नगर निगम चुनाव 2022
  3. न्यूज़: दिल्ली नगर निगम चुनाव 2022
  4. Arvind Kejriwal said, will make Delhi beautiful if MCD gets control

एमसीडी का नियंत्रण मिलने पर दिल्ली को सुंदर बना देंगे : अरविंद केजरीवाल

Arvind Kejriwal
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि अगर आम आदमी पार्टी (AAP) को दिल्ली नगर निगम (MCD) का नियंत्रण मिलता है, तो वह राष्ट्रीय राजधानी को 'सुंदर' बना देंगे। केजरीवाल ने दावा किया कि नगर निकाय की 16 नई ‘लैंडफिल साइट’ (भराव स्थल) बनाने की योजना है।

उन्होंने एमसीडी के मौजूदा शासन पर शहर को 'कूड़े के पहाड़ों' के शहर में तब्दील करने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया। केजरीवाल ने दावा किया कि नगर निकाय की 16 नई ‘लैंडफिल साइट’ (भराव स्थल) बनाने की योजना है। वर्तमान में ऐसे तीन स्थल (गाजीपुर, ओखला और भलस्वा) दिल्ली की सीमाओं पर स्थित हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, इन लैंडफिल साइट के आसपास रहने वाले लोग इन कूड़े के पहाड़ों से आने वाली बदबू और कई अन्य समस्याओं से परेशान हैं। उन्होंने कहा, उनका जीवन नारकीय हो गया है। हमने सुना है कि राष्ट्रीय राजधानी में ऐसे 16 नए स्थल बनाने की योजना है। उन्होंने कहा कि दूसरी तरफ आप सरकार दिल्ली को झीलों और उद्यानों के शहर के तौर पर विकसित कर रही है।

केजरीवाल ने कहा, आज दिल्ली को इसके शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए जाना जाता है और ये लोग इसे कूड़े के पहाड़ों के शहर में तब्दील कर देना चाहते हैं। सरकार दिल्ली को तिरंगा, झीलों और उद्यानों का शहर बनाने की दिशा में काम कर रही है।

उन्होंने कहा, अगर मौका मिलेगा, तो हमलोग राष्ट्रीय राजधानी को समयबद्ध तरीके से सुंदर बना देंगे। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी इस विषय में समान विचार व्यक्त किए।(भाषा) 
अगला लेख
BJP पिछले दरवाजे से सोनिया गांधी को PM बनाने की कोशिश कर रही है: अरविंद केजरीवाल का बड़ा दावा