बुधवार, 9 अप्रैल 2025
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Akhilesh Yadav, BJP, Samajwadi Party
Written By
Last Modified: बुधवार, 13 जून 2018 (16:48 IST)

गठबंधन से भाजपा परेशान, लेकिन मैं प्रधानमंत्री का ख्वाब नहीं देख रहा : अखिलेश

Akhilesh Yadav
लखनऊ। आगामी लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी एकजुटता की कोशिशों में जुटे समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि देश का अगला नया प्रधानमंत्री बनाने में उनकी पार्टी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी लेकिन वे खुद इस पद का सपना नहीं देख रहे हैं।


अखिलेश ने यहां पत्रकार वार्ता में कहा कि देश का अगला प्रधानमंत्री कौन बनेगा, इसमें सपा की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। सपा कार्यकर्ता मिलकर देश का नया प्रधानमंत्री बनाएंगे। हालांकि अखिलेश ने यह भी स्पष्ट कहा कि वे पीएम नहीं बनना चाहते तथा हमारा कोई इतना बड़ा सपना नहीं है। हम यहीं उत्तरप्रदेश में रहना चाहते हैं। सपा अध्यक्ष ने कहा कि हमने गठबंधन के नए रास्ते बना दिए हैं। इसी से तो भाजपा परेशान है।

मालूम हो कि अखिलेश लोकसभा के आगामी चुनाव से पहले विपक्षी दलों के गठबंधन की भरसक कोशिश कर रहे हैं। बसपा तथा अन्य विपक्षी दलों की मदद से सपा ने गत मार्च में गोरखपुर और फूलपुर की प्रतिष्ठित लोकसभा सीटों के उपचुनाव जीते थे।
इसके अलावा सपा ने हाल में हुए कैराना लोकसभा उपचुनाव में राष्ट्रीय लोकदल प्रत्याशी तबस्सुम हसन को समर्थन दिया था और वे चुनाव जीत गई थीं। गठबंधन की हर मुमकिन कोशिश कर रहे अखिलेश ने हाल में यह भी कहा था कि वह लोकसभा चुनाव में बसपा के लिए 2-4 सीटों का त्याग करने को भी तैयार हैं। (भाषा)
ये भी पढ़ें
शिखर वार्ता में किम के प्रदर्शन की उत्तर कोरिया ने की सराहना