1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. 5 people arrested for leopard hunting in Kerala

केरल में तेंदुए का शिकार कर खाया मांस, 5 लोग गिरफ्तार

Leopard Hunt
केरल। अब तक आपने तेंदुए को लोगों पर हमला करते सुना होगा, लेकिन यहां के इडुक्की जिले में बुधवार को एक अजीबो-गरीब घटना सामने आई है। 5 लोगों ने जाल के जरिए एक तेंदुए का शिकार कर उसके मांस का भक्षण किया और इतना ही नहीं वह लोग तेंदुए की खाल, दांत और पंजे को बेचने की योजना भी बना रहे थे। इसी बीच सूचना मिलने पर सभी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

खबरों के मुताबिक, पालतू जानवरों और मवेशियों का शिकार कर रहे एक 6 साल के तेंदुए को 5 लोगों ने एक बड़ा जाल लगाकर उसे फंसाया और मारकर उसका मांस खा लिया। बाद में वन अधिकारियों ने एक गुप्त सूचना के बाद शुक्रवार को छापा मारकर 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। छापे के दौरान वन अधिकारियों ने मारे गए तेंदुए का पका मांस, बिना पका हुआ मांस, दांत, नाखून और खाल बरामद कर लिए हैं।

पुलिस ने इस मामले में पीके विनोद, वीपी कुरीकोस, सीएस बीनू, सेलिन सैली कुंजप्पन और विन्सेन्ट को गिरफ्तार किया है। ये सभी मनकुलम मुनिपारा के रहने वाले हैं। खबरों के अनुसार, तेंदुए ने पीके विनोद की एक बकरी खा ली थी, जिसके बाद विनोद ने अन्य साथियों के साथ मिलकर एक जाल तैयार किया था।

आरोपी तेंदुए की खाल, दांत और पंजे को बेचने की योजना बना रहे थे। तेंदुए का वजन लगभग 50 किलो था। पुलिस ने इस मामले की जांच के लिए एक विशेष कमेटी गठित की है। आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इस प्रकार की अजीबो-गरीब घटना से वन अधिकारी भी हैरान हैं।
अगला लेख
नेताजी के जयंती कार्यक्रम में ‘जय श्रीराम’ के नारे लगने के बाद ममता बनर्जी नाराज, भाषण देने से किया इंकार