1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. landslide

Himachal Landslide: भूस्खलन स्थल से 3 और शव मिले, मृतक संख्या 13 हुई

HimachalPradesh
प्रमुख बिंदु
  • हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन स्थल से 3 और शव मिले
  • बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में मिली
  • बोलरो वाहन अब भी मलबे में दबा
शिमला। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में बुधवार को एक बस और अन्य वाहनों के भूस्खलन की चपेट में आने से मलबे में फंसे लोगों की तलाश एवं बचाव के लिए अभियान गुरुवार सुबह पुन: शुरू हुआ और इस दौरान 3 और शव मिले हैं। इस आपदा में मरने वालों की संख्या अब 13 हो गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

 
राज्य आपदा प्रबंधन निदेशक सुदेश कुमार मोख्ता ने बताया कि कुछ वाहनों के साथ ही मलबे में हिमाचल सड़क परिवहन निगम (एचआरटीसी) की एक बस भी दब गई थी। ये 3 शव बस में से ही मिले हैं। बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में मिली है जबकि एक 'बोलरो' वाहन अब भी मलबे में दबा है।

 
राज्य आपदा प्रबंधन निदेशक सुदेश कुमार मोख्ता ने बताया कि गुरुवार सुबह 6 बजे बचाव कार्य फिर से शुरू किया गया। स्थानीय पुलिस के सदस्य, होमगार्ड, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) संयुक्त रूप से बचाव अभियान चला रहे हैं। अधिकारियों ने बुधवार रात करीब 10 बजे तलाश अभियान स्थगित कर दिया था।
 
निचार तहसील के निगुलसारी क्षेत्र के चौरा गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 5 पर बुधवार दोपहर को भूस्खलन के बाद पहाड़ से गिरे पत्थरों की चपेट में हिमाचल सड़क परिवहन निगम (एचआरटीसी) की एक बस आ गई थी, जो रिकांग पियो से शिमला होते हुए हरिद्वार जा रही थी। बुधवार को 10 लोगों के शव मिले थे तथा 13 घायलों को बचा लिया गया था जबकि कई अन्य के मलबे में दबे होने की आशंका है। अधिकारी ने बुधवार को बताया था कि एक टाटा सूमो मिली है जिसमें 8 लोग मृत पाए गए हैं।(भाषा)
अगला लेख
क्यों सफल नहीं हो सका इसरो का ‘EOS-03’ लांचिंग मिशन, उपग्रह से क्या मिलता फायदा...