कोटा में दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी खाटू श्याम जा रही बस, मध्य प्रदेश के 8 यात्रियों की मौत
राजस्थान के कोटा में शनिवार को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भोपाल से खाटू श्याम जा रही एक बस 15 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस भीषण हादसे में मध्य प्रदेश के 8 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई गंभीर रूप से घायल लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है।
मीडिया खबरों के अनुसार, भोपाल से खाटू श्याम मंदिर जा रही इस बस को चलाते समय ड्राइवर ने अपना नियंत्रण खो दिया, जिससे बस कोटा के कराड़िया में एक खाई में गिर गई। बताया जा रहा है कि सभी मृतक मध्यप्रदेश के रहने वाले थे।
DM पीयूष सामरिया ने बताया कि अब तक 8 लोगों को मृत अवस्था में लाया गया है। सभी गंभीर मरीजों को ICU में शिफ्ट कर दिया गया है और उनका इलाज चल रहा है।

