• Webdunia Deals
  1. चुनाव 2023
  2. विधानसभा चुनाव 2023
  3. राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023
  4. BSP to contest election on all seats in rajasthan
Written By
Last Modified: शनिवार, 19 अगस्त 2023 (15:16 IST)

राजस्थान की सभी 200 सीटों पर चुनाव लड़ेगी बसपा

bsp
Rajasthan BSP : बसपा नेता आकाश आनंद ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी राजस्थान में सभी 200 सीटों पर उम्मीदवार खड़े करेगी और उसकी सत्ता में भागीदारी होगी। पार्टी गरीबी, बेरोजगारी, महंगाई, महिलाओं पर अत्याचार जैसे मुद्दों पर राजस्थान में चुनाव लड़ेगी।
 
बसपा के राष्ट्रीय समन्वयक आनंद ने राजस्थान सरकार पर दलित विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में दलितों पर अत्याचार के कई मामले सामने आए हैं लेकिन कांग्रेस सरकार को इनकी कोई परवाह नहीं है। राज्य में इस साल के आखिर में चुनाव होने हैं।
 
भरतपुर में 'संकल्प यात्रा' को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी 5 सीटों के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा पहले ही कर चुकी है और आने वाले दिनों में बाकी उम्मीदवारों की भी घोषणा की जाएगी।
 
राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राजस्थान में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हो गई है और महिलाएं तथा दलित सुरक्षित नहीं हैं। एक के बाद एक अत्याचार के मामले सामने आ रहे हैं लेकिन सरकार को इसकी कोई परवाह नहीं है।
 
बसपा की संकल्प यात्रा 16 अगस्त को शुरू हुई और यह 96 विधानसभा क्षेत्रों से होते हुए इस महीने के अंत में जयपुर में समाप्त होगी। यात्रा सभी 33 जिलों से होकर गुजरेगी।
 
इस मौके पर राज्यसभा के पूर्व सांसद अशोक सिद्धार्थ, केंद्रीय समन्वयक सुरेश आर्य, प्रदेश प्रभारी प्रेम बारूपाल, बसपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष भगवान सिंह बाबा और अन्य नेता मौजूद थे। (भाषा)
ये भी पढ़ें
सिंधिया के गढ़ में अमित शाह BJP कार्यकर्ताओं को देंगे जीत का मंत्र, भोपाल से जारी करेंगे सरकार का रिपोर्ट कार्ड, दिखाएंगे चुनावी रथ को हरी झंडी