• Webdunia Deals
  1. चुनाव 2023
  2. विधानसभा चुनाव 2023
  3. राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023
  4. bjp leader rajyavardhan singh rathore questions priyanka gandhi
Written By
Last Updated :जयपुर , बुधवार, 25 अक्टूबर 2023 (15:39 IST)

क्या राजस्थान की महिलाएं नहीं हैं सम्मान की हकदार, राज्यवर्धन राठौड़ का प्रियंका गांधी से सवाल

rajyavardhan singh rathore
Rajasthan election news : पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राज्यवर्धन राठौड़ ने बुधवार को कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा पर निशाना साधते हुए पूछा कि राजस्थान में महिलाओं के खिलाफ अपराध पर वह क्यों नहीं बोलतीं? क्या राजस्थान की महिलाएं कांग्रेस पार्टी के लिए सम्मान की पात्र नहीं हैं?
 
राठौड़ ने यहां संवाददाताओं से कहा, 'प्रियंका गांधी आज राजस्थान आ रही हैं। मैं पूछना चाहता हूं कि राजस्थान में जब महिलाओं के खिलाफ अपराध होता है तो वह क्यों नहीं बोलतीं?'
 
उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाओं के खिलाफ करीब 2 लाख अपराध हुए हैं और कांग्रेस की ‘राजनीतिक पर्यटन डिवीजन’ इसे कैसे भूल गई।

भाजपा नेता ने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का भी आरोप लगाया। जयपुर ग्रामीण से सांसद राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस के शासन में कम से कम 350 किसानों ने आत्महत्या की और करीब 19,422 किसानों की जमीनें नीलाम हुई हैं। राठौड़ ने यह भी कहा कि कांग्रेस के राज में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हुई और पेपर लीक हुए।
 
प्रियंका गांधी वाड्रा बुधवार को कांग्रेस शासित राजस्थान के झुंझुनू में जनसभा करने वाली हैं। उन्होंने गत शुक्रवार को दौसा में जनसभा की थी।
 
उल्लेखनीय है कि राजस्थान में 200 विधानसभा सीटों के लिए 25 नवंबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना 3 दिसंबर को होगी।