सम्बंधित जानकारी
- पीएम मोदी बोले, डबल इंजन से बदलेगी पंजाब की तस्वीर, होगी माफिया की विदाई
- दलाई लामा से लेकर नारायण मूर्ति तक दुनिया की इन शीर्ष शख्सियतों ने उठाई बच्चों के लिए न्याय की मांग
- चन्नी ने भगवंत मान को बताया शराबी, कहा-3 बार में पास की 12वीं क्लास
- पंजाब चुनाव: पिता की सियासी विरासत को आगे बढ़ाती ये तीन बेटियां
- रविदास जयंती पर राजनीतिक दलों ने दी श्रद्धांजलि, मायावती बोलीं- वोट के स्वार्थ के लिए मत्था टेक रहे नेता...
पूर्व PM मनमोहन सिंह बोले, मैंने बोला कम, काम ज्यादा किया, जानिए 8 प्रमुख बातें
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने केंद्र सरकार पर जमकर प्रहार किए। उन्होंने एक वीडियो के माध्यम से कहा कि मोदी सरकार का राष्ट्रवाद नकली है। जो अग्रेजों 'फूट डालो और राज करो' की नीति पर चलता है। जानते हैं कि क्या कहा मनमोहन सिंह ने...
1. महंगाई से लोग परेशान हैं : आज देश की स्थिति चिंताजनक है। कोरोना के दौर में केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण एक तरफ अर्थव्यवस्था गिरी है। महंगाई और बेरोजगारी से लोग परेशान हैं। दूसरी तरफ 7 साल सरकार चलाने के बाद भी केंद्र सरकार गलतियों को नहीं मान रही। वह लोगों की समस्याओं के लिए पहले PM जवाहर लाल नेहरू को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।
2. मैंने कम बोला और काम ज्यादा किया : पूर्व प्रधानमंत्री बोले कि मैं मानता हूं कि PM के पद का एक खास महत्व होता है। इतिहास पर दोष लगाकर अपने गुनाह कम नहीं हो सकते। PM के तौर पर काम कर मैंने ज्यादा बोलने की जगह काम को तरजीह दी। हमने सियासी लाभ के लिए देश को नहीं बांटा। कभी सच पर पर्दा डालने की कोशिश नहीं की।
3. चीनी कब्जे की बात को दबाया जा रहा : मनमोहन सिंह ने मोदी सरकार पर सीधा हमला करते हुए कहा कि चीन की फौज पिछले एक साल से हमारी पवित्र धरती पर बैठे हैं। इस मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। पुराने दोस्त हमसे टूट रहे हैं। पड़ोसी देशों से भी हमारे संबंध बिगड़ रहे हैं।
मैं उम्मीद करता हूं कि सत्ताधारियों को समझ आ गई होगी कि जबरन गले लगने, घुमाने या बिना बुलाने बिरयानी खाने पहुंचने से देश के रिश्ते नहीं सुधर सकते। सरकार को यह भी समझ लेना चाहिए कि अपनी सूरत बदलने से सीरत नहीं बदलती। सच हमेशा सामने आ ही जाता है।
4. पंजाब के लिए कांग्रेस ही सही : चुनाव के मद्देनजर डॉ. सिंह ने कहा कि चुनावी माहौल में पंजाब की जनता के सामने बड़ी चुनौतियां हैं। इनका मुकाबला ठीक तरीके से करना जरूरी है। कांग्रेस ही पंजाब में किसानों की खुशहाली और बेरोजगारी को दूर कर सकती है। पंजाब के वोटरों को इस बात का ध्यान जरूर रखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भारत आज एक अहम मोड़ पर खड़ा है। मेरी बड़ी इच्छा थी कि मैं पंजाब, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, गोवा और मणिपुर के भाई-बहनों के साथ देश और राज्य के हालात के बारे में चर्चा करूं, लेकिन डॉक्टरों की सलाह की वजह से इसी तरह संबोधित कर रहे हैं।
5. PM सुरक्षा चूक पर पंजाब को बदनाम किया : मनमोहन सिंह ने कहा कि कुछ दिन पहले पंजाब की सुरक्षा के नाम पर पंजाब के CM चरणजीत चन्नी और यहां के लोगों को बदनाम करने की कोशिश की गई। जिसे किसी भी तरह से ठीक नहीं माना जा सकता।
6. किसान आंदोलन में पंजाबियों को बदनाम किया : उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन के दौरान भी पंजाब और पंजाबियत को बदनाम करने की कोशिश की गई। जिन पंजाबियों की दिलेरी, बहादुरी, देशभक्ति और कुर्बानी को पूरी दुनिया सलाम करती है। उनके बारे में क्या कुछ नहीं किया गया। पंजाब की धरती पर पैदा हुए एक सच्चे देशवासी के नाते मुझे इससे बहुत दुख हुआ।
7. आर्थिक नीतियों की समझ नहीं : आर्थिक मामलों के विशेषज्ञ रहे डॉ. मनमोहन सिंह के कहा कि मोदी सरकार को कोई आर्थिक समझ नहीं है। गलत नीतियों की वजह से देश आर्थिक मंदहाली की जकड़ में फंस गया है। किसान, व्यापारी, विद्यार्थी और औरतें परेशान हैं। देश के अन्नदाता दाने-दाने के मोहताज हो गए हैं।
देश में सामाजिक असमानता बढ़ गई है। लोगों पर कर्जा बढ़ रहा और कमाई घट रही है। अमीर और अमीर हो रहे और गरीब और गरीब हो रहे हैं। सरकार आंकड़ों के साथ धोखा कर सब कुछ ठीक बता रही है। सरकार की नीति और नीयत में खोट है।
8. लोगों को बांट रही भाजपा : पूर्व पीएम ने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सरकार अपने स्वार्थ को पूरा करने के लिए लोगों को जाति, धर्म और क्षेत्र के नाम पर बांट रही है। उन्हें आपस में लड़ाया जा रहा है। केंद्र सरकार बांटो और राज करो की राजनीति पर चल रही है।
