1. खेल-संसार
  2. »
  3. लंदन ओलिम्पिक 2012
  4. »
  5. ओलिम्पिक समाचार
  6. Olympic Updates in Hindi

सुशील कुमार पर करोड़ों की बौछार

सुशील कुमार
PTI
लंदन ओलिंपिक में कुश्ती के 66 किग्रा. वर्ग में रजत पदक जीतकर इतिहास रचने वाले पहलवान सुशील कुमार पर इनामों की बौछार शुरू हो गई है। दिल्ली सरकार ने सुशील को एक करोड रुपए, हरियाणा सरकार ने डेढ़ करोड़ रुपए और उनके एम्पलायर रेलवे ने 75 लाख रुपए देने की घोषणा की है।

दिल्ली सरकार ने सुशील को एक करोड़ रुपए का पुरस्कार देने की घोषणा की है। दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने एक बयान में कहा कि सुशील ओलिंपिक में रजत पदक जीतने वाले पहले भारतीय पहलवान बन गए हैं। सुशील ने तो इतिहास रच दिया है और उनकी उपलब्धि से हर भारतीय गौरवान्वित है। मुख्यमंत्री ने कहा सुशील की कड़ी मेहनत, समर्पण और ट्रेनिंग का परिणाम है कि उन्होंने देश के लिए रजत जीत लिया।

हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंदर सिंह हुड्डा ने सुशील कुमार को डेढ़, करोड़ रुपए और कांस्य पदक जीतने वाले पहलवान योगेश्वर दत्त को उनकी शानदार उपलब्धि के लिए एक करोड़ रुपए का पुरस्कार देने की घोषणा की है। हुड्डा ने सुशील को रजत पदक जीतने पर बधाई दी और उन्हें 1.50 करोड रुपए का पुरस्कार तथा सोनीपत में एक कुश्ती अकादमी स्थापित करने के लिए भूमि देने की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने इससे पहले शनिवार रात योगेश्वर को एक करोड़ रुपए का पुरस्कार देने का घोषणा की थी। रेलमंत्री मुकुल राय ने सुशील को 75 लाख रुपए का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। रेल मंत्री ने साथ ही कहा कि सुशील के गुरु सतपाल को एक लाख रुपए का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। उन्होंने कहा मैं सुशील को बधाई देता हूं और हमें गर्व है कि सुशील रेलवे परिवार का एक हिस्सा है। (भाषा)
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें