1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Yogi Aadityanath in Puruliya

पुरुलिया पहुंचे योगी आदित्यनाथ, कहा- सीएम का इस तरह धरने पर बैठना शर्मनाक

Yogi Aadityanath
पुरुलिया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी पर आरोप लगाया कि वह बंगाल में गरीबों का शोषण कर रही हैं और शारदा चिटफंड घोटाले में शामिल एक भ्रष्ट अधिकारी को बचाने में दिलचस्पी ले रही हैं।
 
पड़ोसी झारखंड के बोकारो तक विमान से आने के बाद सड़क मार्ग से पश्चिम बंगाल के पुरुलिया पहुंचे आदित्यनाथ ने उच्चतम न्यायालय के उस आदेश का भी जिक्र किया जिसमें कोलकाता के पुलिस आयुक्त राजीव कुमार को शारदा घोटाले की जांच में सहयोग करने को कहा गया है। आदित्यनाथ ने सवाल किया कि ममता पुलिस अधिकारी को बचाने की कोशिश क्यों कर रही हैं।
 
उन्होंने कहा कि आपने देखा होगा कि वह किस तरह एक भ्रष्ट अधिकारी को बचाने की कोशिश कर रही है। इससे ज्यादा शर्मनाक, अलोकतांत्रिक और असंवैधानिक कुछ नहीं हो सकता कि किसी राज्य की मुख्यमंत्री यह सुनिश्चित करने के लिए धरना पर बैठी हो कि भ्रष्टाचार के राज बाहर न आ जाएं।
 
राज्य की तृणमूल कांग्रेस सरकार को भ्रष्ट एवं अलोकतांत्रिक करार देते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि ममता सरकार राज्य के लोगों तक केंद्रीय योजनाओं का फायदा नहीं पहुंचने दे रहीं।
 
इससे पहले, ममता ने कहा था कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ को अपने राज्य पर ध्यान देना चाहिए। 
अगला लेख
कुंभ में विदेशी श्रद्धालु भी हो रहे हैं शामिल, लगा रहे आस्‍था की डुबकी