• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Will Devendra Fadnavis become the national president of BJP
Last Updated : शनिवार, 3 अगस्त 2024 (00:07 IST)

क्या देवेन्द्र फडणवीस बनेंगे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष?

क्या देवेन्द्र फडणवीस बनेंगे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष? - Will Devendra Fadnavis become the national president of BJP
BJP National President Election: इन दिनों राजनीतिक गलियारों में इस बात की अटकलें हैं कि महाराष्ट्र के पूर्व मुख्‍यमंत्री और वर्तमान डिप्टी सीएम देवेन्द्र फडणवीस को जेपी नड्‍डा के स्थान पर भाजपा का अध्यक्ष बनाया जा सकता है। दरअसल, नड्‍डा पार्टी अध्यक्ष के रूप में अपना कार्यकाल पूरा कर चुके हैं साथ ही उन्हें केन्द्र में स्वास्थ्य मंत्री बनाया जा चुका है। एक व्यक्ति एक पद के नाते उन्हें यह जिम्मेदारी छोड़नी ही होगी। 
 
इन अटकलों को बल इसलिए भी मिला है क्योंकि इस साल के अंत में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में यदि फडणवीस को पार्टी अध्यक्ष बनाया जाता है ‍तो पार्टी को राज्य में निश्चित ही फायदा होगा। 288 सदस्यीय विधानसभा वाले महाराष्ट्र में वर्तमान में भाजपा शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे के साथ मिलकर सरकार चला रही है। पूर्व मुख्‍यमंत्री होने के बावजूद फडणवीस को शिंदे का 'डिप्टी' बनना पड़ा था। उस समय उनकी नाराजगी की खबरें भी आई थीं। फिर यह भी कहा गया कि उन्हें दिल्ली बुलाया जा सकता है, लेकिन ऐसा भी नहीं हुआ। ALSO READ: जरांगे ने मराठा आरक्षण मुद्दे पर अनिश्चितकालीन अनशन किया स्थगित, फड़नवीस और भुजबल पर साधा निशाना
 
क्या कहते हैं फडणवीस : पार्टी अध्यक्ष को लेकर फडणवीस के पक्ष में एक बात और जाती है कि वे नड्‍डा की तरह 'यसमैन' बन सकते हैं। हालांकि फडणवीस ने उन्हें भाजपा का अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर जारी अटकलों को शुक्रवार को महज मीडिया की उपज बताकर खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि इस तरह की चर्चाएं चर्चाएं मीडिया द्वारा शुरू की गई हैं और ये केवल मीडिया तक ही सीमित हैं।
 
हाल ही में देवेन्द्र फडणवीस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भी मुलाकात की थी। हालांकि उन्होंने इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया था। उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आशीर्वाद महाराष्ट्र पर हमेशा रहा है और आगे भी रहेगा। जब भी मैं उनसे मिलता हूं, मुझे नई ऊर्जा और उनका मार्गदर्शन मिलता है। ALSO READ: मोदी, शाह और फडणवीस ने गडकरी की हार के लिए काम किया, संजय राउत का दावा
 
महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष चन्द्रशेखर बावनकुले ने सीधे तो नहीं कहा लेकिन संकेत जरूर दिया कि देवेन्द्र फडणवीस को बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। उन्होंने देवेन्द्र की तारीफ करते हुए कहा कि फडणवीस एक अच्छे संगठक हैं। उनके पास सरकार और संगठन में काम करने का व्यापक अनुभव है। हालांकि इस मामले में केंद्रीय नेतृत्व उचित निर्णय लेगा। भाजपा अध्यक्ष का चुनाव अक्टूबर 2024 में होगा। नड्‍डा का अध्यक्ष के रूप में कार्यकाल 30 जून तक था, लेकिन अब वे नया अध्यक्ष बनने तक इस पद की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। 
Edited by: Vrijendra Singh Jhala
 
 
ये भी पढ़ें
अयोध्या : सरयू नदी में नाव पलटी, 8 तीर्थयात्री सुरक्षित बाहर निकाले, एक युवती लापता