1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Why sachin pilot is silent on sanjivani scam

राजस्थान में पोस्टर वॉर, संजीवनी घोटाले पर क्यों चुप हैं सचिन पायलट

sachin pilot
Rajasthan Political news : मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) और वरिष्‍ठ कांग्रेस नेता सचिन पायलट (Sachin Pilot) के बीच जारी विवाद थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। राजस्थान के जोधपुर में कई जगहों पर कांग्रेस के असंतुष्ट नेता सचिन पायलट की आलोचना करने वाले पोस्टर लगाए गए हैं। उनसे सवाल किया गया है कि वह राजस्थान में संजीवनी क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसायटी के कथित घोटाले पर ‘चुप’ क्यों हैं।
 
पायलट और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बीच सत्ता को लेकर जारी रस्साकशी के बीच ये होर्डिंग लगाए गए हैं। पायलट ने 2020 में गहलोत सरकार के खिलाफ असफल विद्रोह का नेतृत्व किया था, जिसके बाद उन्हें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री पद से हटा दिया गया था।
 
होर्डिंग पर पायलट और जोधपुर से भाजपा सांसद व केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत की तस्वीरें छपी हैं और एक पंक्ति में लिखा है 'संजीवनी घोटाले पर आप चुप क्यों हैं पायलट जी? जनता को जवाब चाहिए।'
 
मुख्यमंत्री गहलोत बार-बार केन्द्रीय मंत्री शेखावत पर घोटाले में शामिल होने का आरोप लगाते रहे हैं, जिसका भाजपा नेता खंडन करते हैं। इन होर्डिंग पर कांग्रेस की जिला इकाई के कुछ नेताओं की भी तस्वीरें हैं।
 
होर्डिंग के संबंध में सवाल करने पर पार्टी के जिला प्रवक्ता बी राम बिश्नोई ने कहा कि पायलट पूर्ववर्ती सरकार के मुद्दे उठा रहे हैं और उन्होंने मार्च भी निकाला है लेकिन वह संजीवनी घोटाले पर चुप हैं। होर्डिंग पर बिश्नोई की भी तस्वीर है। (भाषा)
अगला लेख
कर्नाटकः सोनिया गांधी के दखल के बाद कैसे निकला संकट का हल