शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Weather Updates
Written By
Last Updated : गुरुवार, 14 अप्रैल 2022 (12:10 IST)

Weather Update : कई स्‍थानों पर गर्मी से राहत, कहीं लू ने बढ़ाई आफत, यहां बारिश का अलर्ट

Weather Update : कई स्‍थानों पर गर्मी से राहत, कहीं लू ने बढ़ाई आफत, यहां बारिश का अलर्ट - Weather Updates
नई दिल्ली। पश्चिमी विक्षोभ के कारण देश के उत्तर-पश्चिमी व मध्य के हिस्सों में तापमान में मामूली कमी आई है और लू से भी अभी राहत मिली है। वहीं पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, पश्चिमोत्तर राजस्थान के गंगानगर इलाके और झारखंड के डाल्टनगंज इलाके में लू की स्थिति बनी हुई है। हरियाणा और उत्तर पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में आंधी या हल्की धूलभरी आंधी आ सकती है। पंजाब और हरियाणा के उत्तरी हिस्सों में अलग-अलग जगहों पर हल्की बारिश संभव है।

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अगले पांच-छह दिनों तक लू का अनुमान नहीं है। हवा चलने और बादल छाए रहने से गर्मी से राहत मिलेगी। दिल्ली में अगले पांच-छह दिनों तक लू का अनुमान नहीं है। हवा चलने और बादल छाए रहने से गर्मी से राहत मिलेगी। तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की कमी आएगी। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से कम रह सकता है।

बीते 24 घंटों के दौरान, केरल, तमिलनाडु, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई। वहीं पूर्वोत्तर भारत, सिक्किम के कुछ हिस्सों, लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के दक्षिणी हिस्सों और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। दक्षिण कर्नाटक, दक्षिण छत्तीसगढ़ और आंतरिक ओडिशा में भी छिटपुट हल्की वर्षा हुई।

राजस्थान में गर्मी से परेशान लोगों को अब राहत मिलने लगी है। बीकानेर, जैसलमेर, चूरू, नागौर, जोधपुर बेल्ट में कल तेज आंधी चली और कई जगह बरसात के साथ ओलावृष्टि हुई। मौसम में आए इस बदलाव के बाद पश्चिमी राजस्थान के तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग ने पहले ही बारिश की संभावना जताई थी।

मौसम विभाग ने बताया कि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में कई स्थानों पर, दिन का तापमान सामान्य (5.1 डिग्री सेल्सियस या अधिक) से काफी अधिक रहा। वहीं पूर्वी मध्य प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर, पंजाब और झारखंड में कई जगहों पर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, सौराष्ट्र और कच्छ में विभिन्न जगहों पर सामान्य से अधिक (3.1 डिग्री सेल्सियस से 5.0 डिग्री सेल्सियस) दर्ज किया गया।

गुरुवार को जम्मू और कश्मीर में बारिश और आंधी के साथ मौसम खराब रहा, क्योंकि मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश/ गरज के साथ बादल छाए रहने की भविष्यवाणी की है।मौसम विभाग के अनुसार उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तमिलनाडु, पुड्डुचेरी और कराईकल में विभिन्न जगहों पर यह सामान्य से काफी नीचे (-5.1 डिग्री सेल्सियस या उससे कम) दर्ज किया गया।

केरल और माहे के कुछ स्थानों पर, बिहार के विभिन्न स्थानों पर यह सामान्य से नीचे (-3.1 डिग्री सेल्सियस से -5.0 डिग्री सेल्सियस) रहा, जबकि तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, अंडमान, निकोबार द्वीप समूह में यह सामान्य से नीचे (-1.6 डिग्री सेल्सियस से -3.0 डिग्री सेल्सियस) और देश के बाकी हिस्सों में यह सामान्य रहा।

मौसम विभाग ने बताया कि केरल और माहे में कई स्थानों पर (कल के सुबह साढ़े आठ बजे से आज के सुबह साढ़े बजे तक) गरज के साथ छींटे पड़े। वहीं जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, असम, मेघालय, ओडिशा, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु, पुड्डुचेरी, कराईकल और लक्षद्वीप में विभिन्न जगहों पर भी गरज के साथ छींटे पड़े। 

मौसम विभाग के मुताबिक केरल और लक्षद्वीप में अधिकांश स्थानों पर, असम, मेघालय, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में कई स्थानों पर, तमिलनाडु में कुछ स्थानों पर, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड में विभिन्न स्थानों पर बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ीं।

इसके अलावा मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य महाराष्ट्र, तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, अंडमान- निकोबार द्वीप समूह में बारिश हुई या गरज के छींटे पड़े। गांगेय पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ, गुजरात क्षेत्र, सौराष्ट्र और कच्छ, कोंकण, गोवा, मराठवाड़ा, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, रायलसीमा और उत्तर आंतरिक कर्नाटक में मुख्य रूप से मौसम शुष्क रहा।

झारखंड में पारा 40 के पार : झारखंड के अधिकतर इलाकों में इस समय पारा 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर चला गया है और मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तेज गर्मी से लोगों को कोई राहत मिलने की संभावना नहीं है।

बुधवार को रांची का अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस अधिक है। इसी प्रकार जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस एवं पलामू में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री रहा। दोनों जिलों में तापमान सामान्य से तीन से चार डिग्री तक अधिक रहा।

ओडिशा भीषण गर्मी की चपेट में : पश्चिमी ओडिशा का एक बड़ा हिस्सा बुधवार को भीषण लू की चपेट में रहा, जहां झारसुगुडा शहर में इस मौसम में सबसे अधिक 44 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। 12 स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। झारसुगुड़ा के बाद सोनपुर में 43.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।