Sat, 4 Jul 2026

Notifications

  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Weather Updates

मौसम अपडेट : असम में बाढ़ का कहर, झारखंड में बिजली गिरने से 4 की मौत

Weather Updates
नई दिल्ली। असम में बाढ़ के कारण 1 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं, जहां पर 140 गांव जलमग्न हैं। वहीं झारखंड में बिजली गिरने की घटना में 4 बच्चों की मौत हो गई, साथ ही देश के अधिकांश हिस्सों में गर्मी का प्रकोप जारी है।
 
राष्ट्रीय राजधानी में गर्मी का प्रकोप जारी रहा और अधिकतम तापमान औसत से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और आर्द्रता का स्तर 46 और 26 प्रतिशत के बीच दर्ज किया गया।
 
असम में लखीमपुर और करीमगंज जिलों में 1 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं जबकि राज्य में 4 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। हरियाणा और पंजाब के अधिकांश हिस्सों में गर्मी का प्रकोप लगातार जारी है।
 
मौसम विभाग ने बताया कि पंजाब में पटियाला दोनों राज्यों में सबसे गर्म रहा और यहां का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 41.5 और हरियाणा में हिसार का अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राजस्थान में अधिकांश स्थानों पर तापमान सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। चुरू का अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तरप्रदेश में लखनऊ का अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
झारखंड में गिरिडीह जिले के मुंडारो गांव में बिजली गिरने की घटना में 4 बच्चों की मौत हो गई और 2 गंभीर रूप से जख्मी हो गए। बिहार के कई स्थानों पर हल्की से लेकर भारी बारिश हुई है। (भाषा) 
ये भी पढ़ें
बड़ी खबर! यूपीआई से मनी ट्रांसफर पर भी लगेगा चार्ज