1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Weather update : heat in Delhi NCR

गर्मी से दिल्ली-NCR का हाल बेहाल, पारा 45 डिग्री, लू से जल्द राहत के आसार

weather update
नई दिल्ली। दिल्ली और NCR में मंगलवार को इस मौसम का सबसे गर्म दिन रहा और क्षेत्र के 12 में से 8 मौसम केंद्रों पर अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस या इससे अधिक दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।
 
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह मौसम का अब तक का उच्चतम तापमान है। शहर में 11 अप्रैल को भी अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
राष्ट्रीय राजधानी का न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता का स्तर 31 प्रतिशत से 17 प्रतिशत के बीच रहा।
 
दिल्ली में सात दिन से लू का प्रकोप जारी है। आईएमडी ने पश्चिमी विक्षोभ, हवा की स्थिति और इस क्षेत्र में बादल छाए रहने के कारण आगे लू का प्रकोप कम होने का अनुमान जताया है।
 
22 अप्रैल तक बारिश के आसार : आईएमडी के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में 22 अप्रैल तक कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने और 19 व 20 अप्रैल को (25-35 किमी प्रति घंटे की गति से) हवाएं चलने का अनुमान है। ‘स्काईमेट वेदर’ की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि 21 और 22 अप्रैल के आसपास गरज के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना है, जिसके चलते कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
अगला लेख
पंचायती राज मंत्रालय और यूएनडीपी ने एसडीजी स्थानीयकरण पर संयुक्त वक्तव्य पर हस्ताक्षर किए