1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Weather Update 31 march : snowfall, rain and heat

Weather Update : कश्मीर से हिमाचल तक बर्फबारी, कई राज्यों में बारिश, कहां पड़ रही है भीषण गर्मी

weather update
Weather Update 31 march : जम्मू कश्मीर से लेकर हिमाचल प्रदेश तक शनिवार को बर्फबारी हुई। राजस्थान, पंजाब और दिल्ली समेत कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहा। इधर मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और यूपी में कई स्थानों पर भीषण गर्मी पड़ा रही है। कई स्थानों पर पारा 40 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है।
 
अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भी 31 मार्च से 1 अप्रैल तक भारी बारिश हो सकती है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 1 अप्रैल को भारी बारिश हो सकती है।
 
कैसा है दिल्ली का मौसम : दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम में सामान्य से 3 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने बताया कि न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से 4 डिग्री अधिक है। आर्द्रता का स्तर 64 से 39 प्रतिशत के बीच दर्ज किया गया।
 
मौसम कार्यालय ने रविवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और तेज हवा चलने का अनुमान लगाया है। इसमें कहा गया है कि अधिकतम और न्यूनतम तापमान 35 और 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
 
कश्मीर में बर्फबारी : जम्मू-कश्मीर में शनिवार को गुलमर्ग और पहलगाम के ऊंचाई वाले कई इलाकों में बर्फबारी जबकि मैदानी इलाकों में बारिश हुई।
 
दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पर्यटन स्थल पहलगाम में लगभग 3 इंच तक बर्फबारी दर्ज की गई। उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले के गुरेज समेत कुछ अन्य इलाकों में भी बर्फबारी हुई। लद्दाख में श्रीनगर-लेह राजमार्ग के किनारे द्रास शहर में भी बर्फबारी देखने को मिली।
 
मौसम विभाग ने रविवार को राज्य में कुछ स्थानों पर रुक-रुक कर हल्की बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है, जिसके बाद पांच अप्रैल तक मौसम शुष्क बना रह सकता है।
 
हिमाचल प्रदेश में 168 सड़कें बंद : हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले और जनजातीय इलाकों में शनिवार को बर्फबारी हुई, जबकि निचले तथा मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में रुक-रुक कर ओलावृष्टि और बारिश हुई। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। स्थानीय मौसम कार्यालय ने राज्य में 4 अप्रैल तक बारिश का अनुमान जताया है।
 
पिछले 24 घंटे में कल्पा और कुकुमसेरी में पांच सेमी बर्फबारी हुई जबकि केलांग में तीन सेमी बर्फबारी हुई। भारी बर्फबारी के बाद मनाली के निकट रोहतांग में अटल सुरंग में यातायात रोक दिया गया है। राज्य में तीन राष्ट्रीय राजमार्गों समेत कुल 168 सड़कें शुक्रवार रात यातायात के लिए बंद रहीं।
 
Edited by : Nrapendra Gupta 
Photo courtesy : india meteorological department
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
Live : रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की रैली, सुरक्षा सख्‍त